‘बेहया हूं, डीएम हो या सीएम… सबसे लड़ जाऊंगा!’ ओपी राजभर का अखिलेश पर तीखा प्रहार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा (SBSP) अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अपने बेबाक और विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। मऊ के मोहम्मदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान राजभर ने खुद को ‘बेहया’ नेता बताते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को ‘दुविधा’ में फंसा हुआ नेता करार दिया और उनके धार्मिक स्टैंड पर भी तीखे सवाल खड़े किए।
“अधिकारी मेरा नाम सुनते ही काम करते हैं”
मऊ के कसारी गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे राजभर ने मंच से अपनी कार्यशैली का बखान किया। उन्होंने कहा, “हम बहुत बेहया नेता हैं। बेहया उस पौधे की तरह है जो पोखरी (तालाब) में थोड़ा भी हो तो फैल जाता है। मेरा नाम सुनते ही अधिकारी काम कर देते हैं क्योंकि उन्हें पता है कि यह हल्ला करेगा।” राजभर ने साफ किया कि वे गरीबों के हक के लिए मुख्यमंत्री से भी भिड़ने का दम रखते हैं।
अखिलेश यादव पर तीखा तंज
राजभर ने अखिलेश यादव की दादरी रैली पर पलटवार करते हुए उनकी धार्मिक पहचान पर सवाल उठाए। राजभर ने कहा, “अखिलेश जी न तो पूरी तरह हिंदू बन पा रहे हैं और न ही मुसलमान। वे कभी नमाज पढ़ने और सेवई खाने जाते हैं, लेकिन मंदिर जाने से कतराते हैं। वह पहले यह तय करें कि वह नमाजी हैं या मंदिर वाले।” उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश अयोध्या और मथुरा जाने से परहेज करते हैं और जनता अब उनकी असलियत जान चुकी है।
गुर्जर समाज और राजा मिहिर भोज का मुद्दा
दादरी में गुर्जर समाज के समर्थन के सपा के दावे को राजभर ने ‘खोखला’ बताया। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज कट्टर हिंदू है और भगवान राम-कृष्ण को मानता है। राजभर ने सवाल उठाया कि राजा मिहिर भोज की मूर्ति को गंगाजल से धोए जाने पर अखिलेश चुप क्यों रहे? उन्होंने दावा किया कि अब लाखों यादव और मुसलमान भी भाजपा (NDA) के साथ आ चुके हैं।
विपक्षी गठबंधन ‘दगा हुआ कारतूस’
NDA की ताकत का दावा करते हुए राजभर ने इंडिया गठबंधन पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने जयंत चौधरी, अनुप्रिया पटेल और संजय निषाद का जिक्र करते हुए कहा कि NDA के पास वोट दिलाने वाले नेता हैं, जबकि समाजवादी पार्टी के पास केवल ‘दगे हुए कारतूस’ बचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का कोई भी नेता पिछड़ों के सामाजिक न्याय या रोहिणी आयोग पर बात नहीं कर रहा, सब सिर्फ अपना टिकट बचाने में लगे हैं।
Also Read: UP Weather Alert: यूपी के 18 जिलों में बारिश और ओलों की चेतावनी, 50km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

