नेपाल में सोशल मीडिया बैन का असर भारत तक, बहराइच बॉर्डर पर हिंसक प्रदर्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल सरकार द्वारा सोशल मीडिया पर बैन लगाए जाने का विरोध अब भारत तक पहुँच गया है। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से सटे रुपईडीहा-नेपाल बॉर्डर पर मंगलवार को सैकड़ों लोगों ने उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की, जिसके बाद हालात को काबू करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग और आँसू गैस का सहारा लेना पड़ा।
प्रदर्शनकारी नगर पालिका, बीपी चौक और धम्मबोझी चौक पर इकट्ठा हुए। नेपाल के बीपी चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन को और उग्र बनाने की कोशिश की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार ने जिस तरह से ‘सुनियोजित’ तरीके से गोली चलवाई है, वह बहुत गलत है। उन्होंने प्रधानमंत्री केपी ओली की सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि सरकार को युवाओं पर गोली चलाने का परिणाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक प्रधानमंत्री ओली अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
इस हिंसक प्रदर्शन के कारण रुपईडीहा बॉर्डर पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। भारतीय सीमा पर एसएसबी के जवान अलर्ट हैं और पुलिस के अधिकारी नेपाल की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के लिए बॉर्डर पर कैंप लगाकर निगरानी कर रहे हैं।
Also Read: NIA ने 5 राज्यों में 21 ठिकानों पर की छापेमारी, आतंकी साजिश का खुलासा

