यूपी में स्कूलों के विलय पर हाईकोर्ट में आज अहम सुनवाई, सीतापुर के मामले में कोर्ट ने दिया था स्थगन आदेश

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों के विलय से जुड़े एक मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में आज (21 अगस्त) सुनवाई होगी। यह मामला तब चर्चा में आया जब हाईकोर्ट ने 24 जुलाई को सीतापुर जिले के स्कूलों के विलय पर रोक लगा दी थी।

क्या है मामला?

उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग ने 16 जून को एक आदेश जारी किया था, जिसमें कम बच्चों वाले प्राथमिक विद्यालयों को उच्च प्राथमिक या कंपोजिट स्कूलों में विलय करने का प्रावधान था। इस आदेश को चुनौती देते हुए सीतापुर के बच्चों ने अपने अभिभावकों के ज़रिए हाईकोर्ट में दो याचिकाएं दायर की थीं। उनकी दलील थी कि इस विलय में नियमों की अनदेखी की गई है।

बता दें कि 7 जुलाई को हाईकोर्ट की एकल पीठ ने इन याचिकाओं को खारिज कर दिया था। हालांकि, बाद में दायर की गई विशेष अपीलों की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि राज्य सरकार द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों में कुछ अनियमितताएँ थीं। इसे देखते हुए, मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली और न्यायमूर्ति जसप्रीत सिंह की खंडपीठ ने 24 जुलाई को सीतापुर के स्कूलों के विलय पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। आज की सुनवाई में राज्य सरकार द्वारा दाखिल हलफनामे पर जवाब पेश किया जाएगा और कोर्ट इस मामले में आगे का फैसला ले सकती है।

Also Read: यूपी में बड़ा एक्शन, फर्जी मार्कशीट से नौकरी कर रहे 22 शिक्षक बर्खास्त, दर्ज होगी FIR

Get real time updates directly on you device, subscribe now.