उन्नाव रेप मामले में Supreme Court में अहम सुनवाई आज

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के चर्चित उन्नाव रेप केस में आज सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में महत्वपूर्ण सुनवाई होने जा रही है। दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत दिए जाने के फैसले के खिलाफ सीबीआई ने शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया है। इस याचिका पर आज मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ सुनवाई करेगी।

CBI ने हाई कोर्ट के आदेश को दी चुनौती

केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें 23 दिसंबर को कुलदीप सिंह सेंगर को सशर्त जमानत दी गई थी। सीबीआई का तर्क है कि मामले की गंभीरता और पीड़िता की सुरक्षा को देखते हुए जमानत का फैसला गलत है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट को हस्तक्षेप करना चाहिए।

सुनवाई से पहले शनिवार को रेप पीड़िता दिल्ली स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंची थी। वहां उसने कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत के खिलाफ औपचारिक आवेदन दिया। पीड़िता का कहना है कि जमानत मिलने से उसकी और उसके परिवार की सुरक्षा को खतरा है और न्याय प्रक्रिया पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ेगा।

Supreme Court

जमानत के खिलाफ लगातार हो रहा प्रदर्शन

दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले के बाद से ही विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। रेप पीड़िता, उसकी मां और सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना लगातार धरने पर बैठी हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) तत्काल हस्तक्षेप कर कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत को रद्द करे। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं और न्याय की मांग को लेकर आवाज उठा रहे हैं।

आज सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ करेगी। सीबीआई की याचिका के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के वकील अंजले पटेल और पूजा शिल्पकार द्वारा दायर एक अलग याचिका पर भी सुनवाई होनी है, जिसमें दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने क्यों दी थी जमानत

दिल्ली हाई कोर्ट ने 23 दिसंबर को अपने आदेश में कहा था कि कुलदीप सिंह सेंगर उन्नाव रेप केस में पहले ही करीब सात साल पांच महीने जेल में बिता चुका है। इसी आधार पर कोर्ट ने उसकी सजा को रद्द करते हुए सशर्त जमानत दी थी। यह फैसला सामने आने के बाद से ही राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

अब पूरे देश की नजर सुप्रीम कोर्ट की आज होने वाली सुनवाई पर टिकी है। यह देखना अहम होगा कि शीर्ष अदालत दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश को बरकरार रखती है या सीबीआई और पीड़िता की दलीलों को स्वीकार करते हुए कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत रद्द करती है। यह फैसला न केवल उन्नाव रेप केस बल्कि ऐसे संवेदनशील मामलों में न्याय की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।

 

Also Read: वाराणसी पुलिस का बड़ा खुलासा: कफ सिरप तस्करी से ‘नीले का पीला’ बनाने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़

Get real time updates directly on you device, subscribe now.