‘2 दिन में सुधारो रास्ता वरना काम करा दूंगा बंद’, सिद्धार्थनगर विधायक ने अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर के जिला मुख्यालय को महाराजगंज और गोरखपुर से जोड़ने वाले अति-व्यस्त तेतरी सोहांस-लोटन मार्ग पर बन रहे पुल का सदर विधायक श्याम धनी राही ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने जब देखा कि पुल बनाने के चक्कर में पुराने रास्ते को खोद दिया गया है और जनता एक “लुंज-पुंज” बाईपास पर जान जोखिम में डालकर चल रही है, तो वे बेहद नाराज हो गए।

2 दिन में सुधारो रास्ता, वरना काम बंद

निरीक्षण के दौरान विधायक श्याम धनी राही ने मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी (PWD) के अधिशासी अभियंता कमल किशोर और सहायक अभियंता राजकुमार मौर्य को जमकर खरी-खोटी सुनाई। विधायक ने कड़े लहजे में कहा “जनता सर्वोपरि है और यह काम उन्हीं की सुविधा के लिए हो रहा है। नियम कहता है कि पहले एक बेहतरीन बाईपास बनाना चाहिए था, फिर सड़क खोदनी चाहिए थी। अगर 2 दिन के अंदर आवागमन के लिए सही रास्ता नहीं बना, तो काम बंद करा दिया जाएगा।”

सिद्धार्थनगर विधायक ने अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम

 

क्यों जरूरी है यह पुल?

सदर विधायक ने बताया कि इस मार्ग की कुल लंबाई लगभग 19 किलोमीटर है। बारिश और भीषण बाढ़ के समय तेतरी सोहांस-लोटन मार्ग के गुदराही मोड़ से पिठनी घाट के बीच सड़क पूरी तरह पानी में डूब जाती थी। करीब दो महीने तक लोगों को नाव के सहारे आना-जाना पड़ता था। इस बड़ी समस्या से निजात दिलाने के लिए मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से यहाँ 12 मीटर लंबे पुल की मंजूरी दिलाई गई है।

निरीक्षण के दौरान दिखी राहगीरों की मुसीबत

विधायक ने घूम-घूमकर देखा कि निर्माणाधीन पुल के पास राहगीरों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्य अपनी जगह है, लेकिन इसकी कीमत जनता को परेशानी उठाकर नहीं चुकानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि बिना मजबूत बाईपास बनाए सड़क और पुराने पुल को तोड़ने-फोड़ने का काम आगे न बढ़ाया जाए। इस दौरान विधायक के साथ पीडब्ल्यूडी की पूरी टीम और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: मथुरा में पुलिस का ‘ऑपरेशन बजरंग’, 250 जवानों ने सुबह 5 बजे घेरे दो गांव, 34 साइबर ठग गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.