इमरान खान की मौत की अफवाह पर पाकिस्तान में उबाल, बेटे ने की अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में मौत की अफवाहों ने पूरे देश में भारी राजनीतिक तनाव पैदा कर दिया है। जहाँ एक अफगान मीडिया संस्थान द्वारा उनकी मौत का दावा किया गया, वहीं परिवार को लंबे समय से मुलाकात न मिलने के कारण उनके स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंताएँ बढ़ गई हैं।
हालाँकि, रावलपिंडी के अदियाला जेल प्रशासन और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। प्रधानमंत्री शहबाज ने पुष्टि की है कि इमरान खान पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें जेल में फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
बेटे कासिम खान ने माँगा अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप
इमरान खान के बेटे कासिम खान ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट में गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनके पिता 845 दिनों से अधिक समय से जेल में हैं, और पिछले डेढ़ महीने से किसी भी परिजन से संपर्क की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने पूछा, कोर्ट के आदेश के बावजूद मुलाकातें क्यों रोकी जा रही हैं? मेरे पिता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? कासिम ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और मानवाधिकार संगठनों से इमरान खान के स्वास्थ्य की सही जानकारी के लिए तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भी नहीं मिलने दिया गया
इमरान खान की पार्टी PTI से संबंधित खैबर पख्तूनख्वा (KPK) के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी भी उनसे मिलने अदियाला जेल पहुँचे, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। अफरीदी ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि 4 करोड़ लोगों का मुख्यमंत्री होने के बावजूद उन्हें सात बार मुलाकात की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि यह कड़वाहट क्यों बढ़ाई जा रही है?
Also Read: दीप्ति से लेकर एमेलिया केर तक, इन 5 खिलाड़ियों ने लूटी WPL 2026 की नीलामी

