इमरान खान मानसिक रूप से बीमार, पाक के रक्षा मंत्री का बड़ा हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री आसिफ ने कहा कि अदियाला जेल में बंद “दोषी” इमरान खान (Imran Khan) को किसी भी हालत में देश को अस्थिर करने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की स्थिरता और अस्तित्व, किसी व्यक्ति के निजी अहंकार या राजनीति से कहीं ऊपर है। उन्होंने इमरान पर आरोप लगाते हुए कहा, अगर कोई व्यक्ति दुश्मन ताकतों का खिलौना बनकर देश के संस्थानों को निशाना बनाता है, तो उसे मानसिक रूप से बीमार कहना गलत नहीं है।
आर्मी पर हमले को लेकर सरकार सख्त
ख्वाजा आसिफ ने सेना की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस का बचाव करते हुए कहा कि अदियाला जेल में बंद इमरान खान और उनके समर्थकों द्वारा लगातार नफरत फैलाने के कारण यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने साफ कहा कि पाकिस्तान की वैचारिक और क्षेत्रीय सीमाओं की रक्षा करने वाली सेना को दो हिस्सों में बांटने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके अनुसार, अदियाला जेल के दोषी को राष्ट्र की स्थिरता से खेलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
भारत को लेकर भी जहरीले बयान
रक्षा मंत्री आसिफ ने सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत को भारी नुकसान उठाना पड़ा और उसके पास अब “रोने” के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उनके इस बयान को भारत विरोधी राजनीतिक बयानबाजी का हिस्सा माना जा रहा है।
एक अन्य टीवी चैनल से बातचीत में आसिफ ने अफगानिस्तान को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर तालिबान आतंकियों को पाकिस्तान भेजकर हमले करवाता रहा, तो इस्लामाबाद सीमा का सम्मान नहीं करेगा और अफगानिस्तान के अंदर जाकर जवाब देगा। उन्होंने माना कि अफगानिस्तान से बैकडोर बातचीत नाकाम हो चुकी है।
इमरान खान से मिलने पर रोक
इमरान खान की बहन उज्मा खान को अदियाला जेल में उनसे मिलने से रोक दिया गया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि अब जेल में हर दिन “तमाशा” नहीं लगाने दिया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि जेल के बाहर कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति से सख्ती से निपटा जाएगा। कानून मंत्री आजम नजीर तरार के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में तरार ने कहा कि रावलपिंडी जेल के बाहर किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई होगी।

