इमरान खान की बहन उज्मा खान को मिली मुलाकात की इजाजत, अडियाला जेल के बाहर समर्थकों की भारी भीड़
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर चल रही जबरदस्त अफरा-तफरी के बीच, मंगलवार को उनकी बहन उज्मा खान को अडियाला जेल में उनसे मिलने की इजाजत मिल गई। यह मुलाकात अडियाला जेल के बाहर इमरान खान के लाखों समर्थकों द्वारा किए जा रहे भारी बवाल और प्रदर्शन के बीच हुई।
इमरान खान की अन्य बहनें भी सुबह 11:30 बजे से जेल के बाहर भाई से मिलने का इंतजार कर रही थीं, लेकिन खान के लाखों समर्थकों को जेल के करीब भी फटकने नहीं दिया गया।
रावलपिंडी छावनी में तब्दील, शूट एट साइट का फरमान
इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ़ (PTI) के ‘चलो अडियाला’ कॉल के बाद जनरल आसिम मुनीर की सेना और शहबाज शरीफ की पुलिस ने रावलपिंडी को पूरी तरह छावनी में बदल दिया है। अडियाला जेल तक जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। हर रास्ते पर भारी फोर्स तैनात है और सड़कों पर कंटेनर तथा ट्रक खड़े कर दिए गए हैं।

प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए शूट एट साइट (देखते ही गोली मारने) का आदेश तक जारी किया गया है। पेशावर में भी हंगामा करने वालों को गोली मारने का फरमान जारी हुआ है। इन सख्त पाबंदियों के बावजूद, PTI कार्यकर्ताओं ने अडियाला जेल के बाहर जबरदस्त प्रदर्शन किया।
सिर्फ अडियाला जेल ही नहीं, बल्कि इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर भी सैकड़ों समर्थक जमा हो गए और अपने नेता की रिहाई के लिए जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी नारे लगा रहे थे, इमरान खान को रिहा करो, शर्म करो, हया करो। हम लेकर रहेंगे आजादी, है हक हमारा आजादी, तुम कैसे न दोगे आजादी, हम छीन के लेंगे आजादी, तेरा बाप भी देगा आजादी, जरा ऊंचा बोलो आजादी।

