अदियाला जेल के बाहर इमरान खान की बहनों के साथ पुलिस की बदसलूकी, सड़क पर घसीटा
Sandesh Wahak Digital Desk: रावलपिंडी की अदियाला जेल के बाहर आज एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे पाकिस्तान में राजनीतिक रोष पैदा कर दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात की अनुमति न मिलने पर उनकी बहनें अलीमा, उजमा और नौरीन शांतिपूर्वक धरने पर बैठी थीं, तभी पुलिस ने अचानक उनके साथ बदसलूकी और बल प्रयोग किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिखाया गया है कि पुलिसकर्मी नौरीन खान को सड़क पर घसीट रहे हैं और अन्य महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की जा रही है। वीडियो में इमरान खान की बहनें डरी हुई और कांपती हुई दिखाई दे रही हैं।
PTI ने बताया राजनीतिक प्रताड़ना
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने इस घटना को राजनीतिक प्रताड़ना बताया है और पाकिस्तान की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। PTI का आरोप है कि इमरान खान के वैधानिक अधिकारों का उल्लंघन करते हुए परिवार को उनसे मिलने से रोका जा रहा है, और यह सब इमरान खान का मनोबल तोड़ने की साजिश है।
परिवार का आरोप है कि पुलिस ने जानबूझकर हिंसक कार्रवाई की। PTI ने दावा किया कि पुलिस ने जिस स्थान पर महिलाएँ बैठी थीं, वहाँ जानबूझकर पानी डाला गया और लाइटें बंद कर अंधेरा कर दिया गया, ताकि तनाव बढ़े। PTI नेताओं ने इसे महिला सम्मान पर हमला बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पर रोष
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएँ आ रही हैं। PTI समर्थकों ने इसे पाकिस्तान में लोकतंत्र और मानवाधिकारों पर हमला बताया है। पूर्व राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने भी इसे आज के पाकिस्तान की असल तस्वीर बताया, जहाँ महिलाएँ भी सुरक्षित नहीं हैं। यह घटना पाकिस्तान में राजनीतिक बहस को तेज कर रही है, और विपक्ष सरकार तथा पुलिस पर शक्ति के दुरुपयोग का आरोप लगा रहा है।
Also Read: ‘नाम बदला, हालात वही’, लखनऊ में दिव्यांगों का जोरदार प्रदर्शन, आत्मदाह की चेतावनी

