इम्तियाज अली की नई वेब सीरीज ‘ओ साथी रे’ का ऐलान, अदिति राव हैदरी और अर्जुन रामपाल आएंगे नजर !

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक इम्तियाज अली अपनी नई वेब सीरीज ‘ओ साथी रे’ के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं। हाल ही में उन्होंने इस सीरीज का आधिकारिक ऐलान किया है, जिसमें अदिति राव हैदरी, अर्जुन रामपाल और अविनाश तिवारी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली इस सीरीज की कहानी महानगरीय जीवन और रिश्तों की जटिलताओं को दर्शाएगी।

महानगरों की जिंदगियों को दिखाएगी कहानी

इम्तियाज अली ने अपनी इस नई वेब सीरीज को लेकर कहा, “‘ओ साथी रे’ एक आधुनिक कहानी है, जिसमें पुराने जमाने का एहसास शामिल है। यह एक मंत्रमुग्ध कर देने वाली परी कथा होगी, जो महानगरीय जीवन के संघर्षों और असफलताओं पर आधारित होगी।”

इम्तियाज ने यह भी बताया कि इस कहानी ने उन्हें इसके विकास के हर मोड़ पर चौंकाया है और इस प्रोजेक्ट के साथ काम करने के लिए वे बेहद उत्साहित हैं। इस वेब सीरीज का निर्देशन आरिफ अली कर रहे हैं, जो इससे पहले ‘लैला मजनू’ जैसी फिल्में बना चुके हैं।

नेटफ्लिक्स ने जारी किया कलाकारों का वीडियो

 

नेटफ्लिक्स इंडिया ने इस सीरीज से जुड़ा एक वीडियो साझा किया, जिसमें मुख्य कलाकारों को स्क्रिप्ट पढ़ते हुए देखा जा सकता है। नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड ने कहा, “हम ऐसी कहानी लाने के लिए उत्साहित हैं, जो प्यार, रिश्तों और मानवीय दुविधाओं को खूबसूरती से प्रस्तुत करेगी।”

उन्होंने आगे बताया कि इम्तियाज की यह वेब सीरीज संगीत से प्रेरित है और इसमें एक गहरा और काव्यात्मक अनुभव मिलेगा। अदिति, अर्जुन और अविनाश की जोड़ी इस कहानी को जीवंत बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज

‘ओ साथी रे’ इम्तियाज अली की प्रोडक्शन कंपनी विंडो सीट फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है। हालांकि, इस वेब सीरीज की रिलीज डेट का खुलासा अभी नहीं किया गया है। लेकिन दर्शकों में इस नई सीरीज को लेकर काफी उत्सुकता बनी हुई है।

बता दे, इम्तियाज अली के फैंस के लिए यह एक बड़ा सरप्राइज है, क्योंकि उनकी कहानियां हमेशा दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बना लेती हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘ओ साथी रे’ दर्शकों को कितना पसंद आती है।

Also Read: क्या अमिताभ बच्चन लेने वाले हैं एक्टिंग और KBC से रिटायरमेंट? बिग बी के ट्वीट से मचा हड़कंप!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.