अभाविप की रायपुर बैठक में छात्रहित, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण पर हुआ गहन चिंतन
Sandesh Wahak Digital Desk: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की तीन दिवसीय बैठक 29 से 31 मई 2025 तक रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में देशभर से आए 478 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और छात्र हित, शिक्षा सुधार और राष्ट्र निर्माण जैसे मुद्दों पर गहन मंथन किया।
विचार, संवाद और संकल्पों की ऐतिहासिक बैठक
बैठक की शुरुआत 28 मई को विभिन्न आयामों की समीक्षा बैठकों और एक सांस्कृतिक प्रदर्शनी के साथ हुई। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की जनजातीय परंपराओं से लेकर राष्ट्रीय शिक्षा नीति और स्वतंत्रता सेनानियों की गाथाओं को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया। इसी दिन नागरिक अभिनंदन समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि रहे। 29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. राजशरण शाही, महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी और संगठन मंत्री आशीष चौहान ने दीप प्रज्वलन कर बैठक का विधिवत शुभारंभ किया।
बैठक के दौरान चार प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए
– कोचिंग संस्थानों की मनमानी पर रोक लगाने और नियामक नीति बनाने की मांग।
-केंद्रीय विश्वविद्यालयों में कुलपति नियुक्ति में हो रही देरी पर चिंता।
-भारत की आंतरिक सुरक्षा व वैश्विक स्थिति पर चर्चा।
-विश्वविद्यालय परिसरों में वैचारिक अस्थिरता को दूर करने के उपाय।
-अभाविप ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन कगार’ के तहत भारतीय सेना की सफलता पर भी सराहना जताई और सुरक्षा बलों के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
विचारशील युवाओं का निर्माण है लक्ष्य: पुष्पेन्द्र वाजपेई
अभाविप अवध प्रांत के मंत्री पुष्पेन्द्र वाजपेई ने कहा, हम केवल संगठन नहीं बढ़ा रहे, बल्कि राष्ट्रनिष्ठ, वैचारिक रूप से सजग और सामाजिक रूप से उत्तरदायी युवाओं का निर्माण कर रहे हैं। हमारी लड़ाई विश्वविद्यालयों में फैल रही वामपंथी विचारधारा से भी है। उन्होंने यह भी बताया कि संगठन की सदस्यता अब लगभग 60 लाख के करीब पहुंच गई है।
इस बार की बैठक कई मायनों में अनोखी रही। परिषद ने ‘जीरो फूड वेस्ट’ नीति अपनाई, प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाया, गोधन से बनी नेम प्लेट्स का उपयोग किया और जैविक अपशिष्ट से खाद बनाने की पहल की। केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य कु. शीतल ने कहा, यह बैठक पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और नवाचार का उदाहरण बन गई है।
Also Read: गुजरात में कोरोना के 64 नए केस मिले, अहमदाबाद बना हॉटस्पॉट

