आगरा में युवक ने प्रेमिका को बीच सड़क मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया, युवती गंभीर
Agra Crime News: आगरा के सदर क्षेत्र के रोहता स्थित सफायर कॉलोनी में बुधवार दोपहर प्रेम संबंधों को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई। 25 वर्षीय शादीशुदा युवक अरुण कुमार ने एक युवती को गोली मार दी। इसके बाद युवक की भी मौत हो गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवती को सैन्य अस्पताल (Military Hospital) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान मलपुरा के इटौरा निवासी अरुण कुमार सिनसिनवार के रूप में हुई है। वह सैंया टोल प्लाजा पर काम करता था और शादीशुदा था। उसके बच्चे भी हैं। घायल युवती हाथरस की रहने वाली बताई जा रही है और आगरा में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता सेना में तैनात हैं।
कॉलोनी में मिलने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, युवती बुधवार को अपनी एक सहेली के साथ सफायर कॉलोनी पहुंची थी। इसी दौरान अरुण भी वहां पहुंच गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने युवती पर गोली चला दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में दोनों के बीच करीबी संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी। रिपोर्टों के मुताबिक, युवती ने पहले अरुण के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, लेकिन 2025 में मजिस्ट्रेट के सामने बयान देकर उसने पुराने आरोपों को गलत बताया था, जिसके बाद वह मामला खत्म हो गया।
CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना पर एसीपी सदर अमीषा समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि घायल युवती की हालत स्थिर होने के बाद उसका बयान घटना की पूरी कड़ी समझने में अहम होगा।
फिलहाल पुलिस प्रेम संबंध और दोनों के बीच हुए विवाद समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना को लेकर इलाके में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
Also Read: बिजनौर: 14 साल की लड़की से 55 साल के अधेड़ ने किया रेप, गर्भवती होने पर खुला राज, आरोपी गिरफ्तार

