आगरा में भी अतुल सुभाष जैसा केस, पत्नी के उत्पीड़न से परेशान IT  कंपनी के मैनेजर ने दे दी जान

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक IT कंपनी के रिक्रूटमेंट मैनेजर ने पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले शख्स ने एक लाइव वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह मामला आगरा के डिफेंस कॉलोनी का है, जहां रहने वाले मानव शर्मा एक बड़ी IT कंपनी में रिक्रूटमेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। 24 फरवरी को उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले मानव ने एक भावुक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए और अपने कष्टों का उल्लेख किया।

‘अब जीने का कोई कारण नहीं बचा’

वीडियो में मानव शर्मा भावुक होकर कहते हैं, ‘मैं पहले भी आत्महत्या करने की कोशिश कर चुका हूं, लेकिन अब मेरी पत्नी से इतना तंग आ चुका हूं कि मेरे पास मरने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।’ उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुरुषों के लिए सुरक्षा कानून बनाए जाने की मांग भी की। अपने आखिरी संदेश में मानव ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए कहा, ‘पापा सॉरी, मम्मी सॉरी, अक्कू सॉरी… अब मैं विदा ले रहा हूं।’

मामले में मृतक के पिता ने थाना सदर में तहरीर दी है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में लिया जा रहा है। बता दें कि यह घटना बेंगलुरु के अतुल सुभाष आत्महत्या केस की याद दिलाती है, जिसमें एक युवक ने उत्पीड़न से तंग आकर अपनी जान दे दी थी। दोनों ही मामलों में पुरुषों की सुरक्षा को लेकर गंभीर बहस छिड़ गई है।

Also Read: दिल्ली विधानसभा में आज केजरीवाल पर CAG रिपोर्ट का दूसरा वार, मोहल्ला क्लिनिक में…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.