सिद्धार्थनगर में प्रभारी मंत्री की बैठक, अनिल राजभर बोले- परियोजनाएं समय पर हों पूरी

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 5 करोड़ रुपये से ज़्यादा लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन और समन्वय विभाग के मंत्री अनिल राजभर ने की, जो जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। बैठक में डुमरियागंज के सांसद जगदम्बिका पाल, जिलाधिकारी बलराम सिंह और मुख्य विकास अधिकारी सहित जिले के कई अधिकारी मौजूद रहे।

निर्माण कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश

मंत्री अनिल राजभर ने राजकीय महाविद्यालय बिस्कोहर, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु, आईटीआई इटवा, कल्याण मंडपम नौगढ़ और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय भरवलिया जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा में और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएँ।

उन्होंने बैठक की सूचना समय पर न मिलने पर नाराजगी भी जताई और अनुपस्थित प्रोजेक्ट मैनेजरों व अधिशासी अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने कहा कि बैठक का एजेंडा सभी जनप्रतिनिधियों को एक दिन पहले ही उपलब्ध कराया जाए।

कानून व्यवस्था पर भी हुई चर्चा

बैठक में कानून व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रशांत कुमार ने बताया कि नेपाल सीमा पर अवैध अतिक्रमण हटाने और बाहरी लोगों की पहचान करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंत्री ने अवैध खनन को रोकने और थानों में आने वाले लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने का भी निर्देश दिया।

शिकायतों का निपटारा हो गुणवत्तापूर्ण

आईजीआरएस (IGRS) शिकायतों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि शिकायतों का निपटारा इस तरह से हो कि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। उन्होंने वरासत, धारा-24 के मामलों और जन्म प्रमाण पत्र जारी करने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। सांसद जगदम्बिका पाल ने मंत्री का आभार जताते हुए अधिकारियों से कहा कि वे सभी आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। इस दौरान कई अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: निर्माण श्रमिकों के लिए योगी सरकार की खास योजनाएं, बच्चों की पढ़ाई से लेकर शादी तक मिलेगी मदद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.