असम में पीएम मोदी ने संबोधन में कहा- मां कामाख्या के आशीर्वाद से सफल हुआ ऑपरेशन सिंदूर
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के दरांग में जनसभा को संबोधित करते हुए हाल ही में संपन्न ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का श्रेय मां कामाख्या के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा, “मैं भगवान शिव का भक्त हूं, सारा जहर निगल जाता हूं।”
सेना की बजाय पाकिस्तान का साथ देते हैं
पीएम मोदी ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब पूरा देश आतंक से लहूलुहान होता था और कांग्रेस चुप रहती थी। आज हमारी सेना पाकिस्तान में घुसकर आतंकवाद का सफाया करती है, लेकिन कांग्रेस के लोग हमारी सेना की बजाय पाकिस्तान का साथ देते हैं।
मोदी ने कहा, “कांग्रेस देशहित की कभी परवाह नहीं करती। आज कांग्रेस देशविरोधियों और घुसपैठियों की भी रक्षक बन चुकी है। उनके लिए वोट बैंक सबसे बड़ा है, जबकि हमारे लिए देशहित सर्वोपरि है।”
देशवासी ही मेरा रिमोट कंट्रोल हैं
पीएम ने नॉर्थ ईस्ट के विकास के लिए केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की ईमानदारी को भी रेखांकित किया। साथ ही महान कलाकार भूपेन हजारिका को याद करते हुए उनके जन्मदिवस पर हुए कार्यक्रम में शामिल होना अपने लिए सौभाग्य बताया।
जनसभा में पीएम मोदी ने कहा, “मेरे लिए जनता-जनार्दन ही भगवान हैं। 140 करोड़ देशवासी ही मेरा रिमोट कंट्रोल हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं। पीएम ने लाल किले से अपने भाषण का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने चक्रधारी श्रीकृष्ण को याद किया था और देश की सुरक्षा नीति में एक सुदर्शन चक्र की कल्पना रखी थी।
Also Read: तेजस्वी यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक, युवक हेलीकॉप्टर की तरफ दौड़ा और पैरों में लेट गया

