ट्रेन में युवती की मिली लाश का खुलासा, ऑनर किलिंग में पिता ने ही किए थे बेटी के 6 टुकड़े, बहन-बहनोई संग गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में बक्से में मिले अज्ञात शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। मृतका की पहचान कुशीनगर की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी बेबी शब्बा के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस खौफनाक हत्याकांड को किसी और ने नहीं, बल्कि लड़की के सगे पिता ने अपनी बहन और बहनोई के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता बिग्गन अंसारी, बुआ नूरजहां और फूफा मोजिबुल्ला अंसारी को कुशीनगर से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार (बांका) भी बरामद कर लिया गया है।

अफेयर के शक में रची खौफनाक साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी पिता बिग्गन अंसारी ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने बताया कि उसकी दो बड़ी बेटियां पहले ही हिंदू युवकों से प्रेम विवाह कर चुकी थीं। उसे शक था कि उसकी सबसे छोटी बेटी बेबी शब्बा का भी किसी हिंदू युवक से अफेयर चल रहा है। वह नहीं चाहता था कि तीसरी बेटी भी ऐसा कदम उठाए। इसी बात से नाराज होकर उसने बेटी की बेरहमी से पिटाई की, जिसके बाद किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश भी की थी। इसके बाद पिता ने अपनी बहन और बहनोई के साथ मिलकर बेटी को रास्ते से हटाने की साजिश रची और घर के बाकी सदस्यों को बाहर भेजकर वारदात को अंजाम दिया।

ऑनर किलिंग में पिता ने ही किए थे बेटी के 6 टुकड़े, बहन-बहनोई संग गिरफ्तार

800 सीसीटीवी कैमरों और 20 स्टेशनों की खाक छानकर कातिलों तक पहुंची पुलिस

यह मामला 17 मई को तब सामने आया था जब छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-15114) के स्लीपर कोच (S-1) की सफाई के दौरान रेलवे स्टाफ को एक लावारिस बॉक्स और बैग मिला था। बक्से को खोलने पर उसमें एक लड़की का धड़ और बैग में पॉलीथीन के अंदर हाथ-पैर पैक मिले थे। शव को इस तरह पैक किया गया था कि खून का एक कतरा भी बाहर नहीं आया था।

रेलवे पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा के निर्देश पर गठित तीन टीमों ने इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए ट्रेन के रूट पर पड़ने वाले 20 स्टेशनों के करीब 800 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन पर दो पुरुषों और एक महिला को भारी-भरकम संदूक लाते हुए देखा गया। इसी सुराग के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।

ऑनर किलिंग में पिता ने ही किए थे बेटी के 6 टुकड़े, बहन-बहनोई संग गिरफ्तार

पहचान छिपाने के लिए सिर के भी किए टुकड़े

क्रूरता की हदें पार करते हुए आरोपियों ने हत्या के लिए विशेष रूप से एक नया बांका खरीदा था। बेटी की हत्या करने के बाद पहचान छुपाने के लिए शव के 6 टुकड़े किए गए और सिर को काटकर अलग कर दिया गया। धड़ और हाथ-पैर को बक्से में बंद कर ट्रेन में छोड़ दिया गया, जबकि सिर के हिस्सों को गांव के पास एक तालाब में फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से तालाब से सिर के अवशेष और कत्ल में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Also Read: Siddharthnagar News: राजीव गांधी को पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, मरीजों में बांटे फल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.