झांसी में दबंगों ने बंदूक की बट और लात-घूसों से की दो लोगों की पिटाई, वीडियो वायरल
Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी में देर रात दबंगई की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने लोगों को दहशत में डाल दिया है। पुरानी रंजिश के चलते कुछ दबंगों ने दो लोगों को बेरहमी से पीटा। यह पूरी वारदात झांसी के झोकन बाग इलाके में हुई और पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दबंगों ने कार को घेरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, सीपरी बाजार इलाके में होटल चलाने वाले प्रशांत भार्गव अपने दोस्तों को छोड़ने के लिए झोकन बाग स्थित एक होटल पहुंचे थे। इसी दौरान, दो कारों से आए आधा दर्जन से ज्यादा असलहाधारी दबंगों ने उनकी कार को घेर लिया और अचानक हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि हमला इतना अप्रत्याशित था कि प्रशांत अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले। लेकिन उनके दोस्तों को कार से बाहर खींचकर दबंगों ने बंदूक की बटों और लात-घूंसों से जमकर पीटा।
यूपी के झांसी में दबंगों की दबंगई का वीडियो सामने आया है, यहां पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने दो लोगों की पिटाई की और साथ ही कार भी तोड़ दी. pic.twitter.com/ucQvQN3bkM
— Abhishek Kumar (ABP News) (@pixelsabhi) July 18, 2025
इलाके में डर का माहौल, पुलिस कर रही कार्रवाई
दबंगों ने केवल मारपीट ही नहीं की, बल्कि कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। यह पूरी घटना कुछ ही मिनटों में घटित हुई, लेकिन इसने पूरे इलाके में डर का माहौल बना दिया है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, कि आधी रात को इस तरह का खुलेआम तांडव कैसे हो सकता है।
पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पीड़ित की तरफ से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Auraiya News: पुलिस के डर से छत से कूदा साइबर ठगी का आरोपी, इलाज के दौरान हुई मौत

