लखनऊ में ठेले वाले के साथ फिल्मी अंदाज़ में 50 हज़ार की ठगी, फर्जी पुलिस बनकर आरोपी फरार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी में जहां एक ओर हाईटेक ठगी के मामले बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आम लोगों को निशाना बनाने वाले गिरोह भी नए-नए पैंतरों से धोखा देने में पीछे नहीं हैं। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला लखनऊ के गोमतीनगर इलाके से सामने आया है, जहां एक साधारण ठेले पर फल बेचकर गुज़ारा करने वाले युवक के साथ 50 हजार रुपये की ठगी की गई वो भी बिल्कुल किसी फिल्मी सीन की तरह।

विदेशी निवेश और डबल पैसे का सपना

पीड़ित का नाम है राजकुमार, जो 1090 चौराहे के पास ठेला लगाकर अपना पेट पालता है। यहीं उसकी मुलाकात हुई एक शख्स से, जिसने खुद को ‘सिंह साहब’ कहा और दावा किया कि वह विदेशी कंपनियों में निवेश करता है और हज़ार को दो हज़ार बना देता है।

धीरे-धीरे राजकुमार को विश्वास में लेकर आरोपी ने उसे तीन मोबाइल नंबर दिए और व्हाट्सएप पर लगातार संपर्क में रहने लगा। उसने राजकुमार को बताया कि एक विदेशी कंपनी में इन्वेस्ट कर उसे जल्दी दोगुना पैसा मिल सकता है। बातों के जाल में आकर राजकुमार ने 15 जुलाई को तय समय पर 50 हज़ार रुपये लेकर पहुँचने की हामी भर दी।

हनीमैन पुल के नीचे रची गई फिल्मी साज़िश

निर्धारित दिन और समय पर राजकुमार विराट खंड स्थित हनीमैन पुल के नीचे पहुँचा, जहां सिंह साहब अपने एक साथी धरम के साथ पहले से मौजूद था। दोनों ने उससे पैसे लिए और बदले में दो गड्डियां पकड़ा दीं जो देखने में तो 500-500 के नोटों की लग रही थीं, लेकिन असल में उनमें सिर्फ ऊपर और नीचे असली नोट थे, बाक़ी सब कूपन थे।

राजकुमार अभी कुछ समझ ही रहा था कि उसी वक्त एक कार में सवार चार लोग वहां पहुंचे और खुद को क्राइम ब्रांच के अधिकारी बताकर सिंह और धरम को गिरफ्तार करने का नाटक करते हुए वहां से भाग निकले। इसके बाद राजकुमार को जब शक हुआ तो उसने नोटों की गड्डी खोलकर देखी और उसमें असली नोटों के बीच में सिर्फ कूपन भरे हुए मिले। ठगा महसूस करते ही उसने आसपास के लोगों से बात की और सलाह लेकर गोमतीनगर थाने में पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने छह लोगों पर दर्ज की FIR, जांच में जुटी

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सिंह, धरम और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 316(2) और 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस कर रही है और घटना स्थल के CCTV फुटेज खंगाल रही है। अफसरों का कहना है कि इस पूरे गिरोह की पहचान जल्द हो जाएगी और गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।

 

Also Read: लखनऊ में 7 करोड़ के पर्यटन घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, EOW टीम ने किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.