ऑपरेशन सिंदूर में हमने पाकिस्तान को शतरंज की बिसात पर दी मात: सेना प्रमुख

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन किसी भी पारंपरिक सैन्य अभियान से बिल्कुल अलग था, यह शतरंज के खेल जैसा था, जिसमें हमें पता नहीं था कि दुश्मन की अगली चाल क्या होगी। लेकिन, आखिरकार हमने पाकिस्तान को शह और मात देकर जीत हासिल की।

जनरल द्विवेदी ने पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा और कहा कि वह अपने प्रोपेगेंडा के जरिए खुद को इस लड़ाई में विजेता दिखाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को ‘ग्रेज़ोन’ कहा जाता है, जिसका मतलब है कि हम कोई पारंपरिक लड़ाई नहीं लड़ रहे थे, बल्कि शतरंज की चालें चल रहे थे। हमने दुश्मन को कई बार मात दी, हालांकि कई जगहों पर हमें अपने जवानों की जान की कीमत भी चुकानी पड़ी।

पाकिस्तान का नैरेटिव मैनेजमेंट और पांच सितारा जनरल

आईआईटी मद्रास में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पाकिस्तान की रणनीति की आलोचना करते हुए कहा कि पाकिस्तान खुद को विजेता साबित करने के लिए ‘नैरेटिव मैनेजमेंट’ (अपनी कहानी को मनमुताबिक गढ़ना) का सहारा ले रहा है। उन्होंने पाकिस्तान द्वारा अपने सेना प्रमुख असीम मुनीर को पांच सितारा जनरल और फील्ड मार्शल का पद दिए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर आप किसी पाकिस्तानी से पूछेंगे कि कौन जीता, तो वह कहेगा कि हमारे सेना प्रमुख फील्ड मार्शल बन गए, इसका मतलब हम ही जीते हैं।

खुली छूट ने दिलाई बड़ी जीत

जनरल द्विवेदी ने बताया कि यह आतंकवाद-विरोधी अभियान 7 मई को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद शुरू किया गया था। इस हमले में 26 नागरिकों की मौत हो गई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने सेना को ‘खुली छूट’ दी थी, जिससे हम पूरी तरह से स्पष्ट थे कि हमें क्या करना है। उन्होंने कहा, राजनाथ सिंह ने साफ कह दिया था कि बहुत हो गया, और तीनों सेना प्रमुखों को यह तय करने को कहा गया कि क्या करना है। इस तरह का आत्मविश्वास और राजनीतिक स्पष्टता हमने पहली बार देखी।

Also Read: दिल्ली के चाणक्यपुरी में बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार थार ने दो लोगों को मारी टक्कर, एक की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.