सहारनपुर में अनियंत्रित थार डिवाइडर से टकराई, आगरा के 3 दोस्तों की मौत, 2 गंभीर

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नागल थाना क्षेत्र के बेलड़ा गोल चक्कर के पास तेज रफ्तार महिंद्रा थार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचो-बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी ज्यादा जोरदार और भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार तीन युवकों साहिल, राहुल और सक्षम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य साथी सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों दोस्त आगरा के रहने वाले थे और वीकेंड पर मसूरी घूमने के लिए निकले थे।

निकले थे मसूरी के सफर पर, रास्ते में ही टूट गईं सांसें

जानकारी के अनुसार, आगरा के रहने वाले ये पांचों दोस्त शनिवार शाम करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच अपनी थार गाड़ी से मसूरी घूमने के लिए रवाना हुए थे। कार हेमंत वर्मा चला रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कार के मलबे में फंसे युवकों को बाहर निकालकर सहारनपुर के एसबीडी जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

अस्पताल में भर्ती घायल सचिन वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के वक्त वह सो रहा था। जब उसकी आंख खुली तो वह सड़क पर पड़ा हुआ था और चारों तरफ थार कार का मलबा बिखरा पड़ा था। तब उसे पता चला कि उसके तीन जिगरी दोस्त अब इस दुनिया में नहीं रहे। नागल थाना प्रभारी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों को सांत्वना दी।

ड्राइवर को नींद की झपकी आने की आशंका

सहारनपुर के एसबीडी जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (EMO) डॉ. शिवम गुप्ता ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार सुबह लगभग 4:00 बजे अस्पताल में 5 लोगों को लाया गया था। इनमें से 3 युवकों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल थे। घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। डॉक्टर ने बताया कि प्राथमिक जांच में शराब के सेवन का मामला नहीं लगता है; आशंका जताई जा रही है कि तड़के गाड़ी चला रहे ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई होगी, जिससे यह हादसा हुआ।

Also Read: शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने कोर्ट में दी सरेंडर अर्जी, मां ने सीएम योगी से लगाई न्याय की गुहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.