UP: शाहजहांपुर में महिला लेखपाल कैमरे पर रिश्वत लेती आई नजर, ‘चाय-पानी’ के नाम पर मांगे पैसे
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से सरकारी तंत्र की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े करने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल हो रहे इस वीडियो में एक महिला लेखपाल रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद हो गई हैं। दिलचस्प बात यह है कि वीडियो में वह साफ कहती सुनी जा सकती हैं कि यह पैसे वह “चाय-पानी” के लिए ले रही हैं, न कि घूस के तौर पर।
हालांकि, देश में आम धारणा यही है कि सरकारी दफ्तरों में तब तक काम नहीं होता, जब तक “चाय-पानी” का इंतजाम न हो जाए। अब यही बहाना देकर रिश्वत लेने की यह करतूत कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई।
कैसे हुआ खुलासा?
इस वायरल क्लिप में महिला कर्मचारी एक व्यक्ति से ₹100 लेती दिखाई देती हैं और कहती हैं “हम घूस नहीं ले रहे, बस समझ लीजिए भइया ने हमें चाय पीने के लिए पैसे दे दिए।” इतना ही नहीं, वह व्यक्ति को यह भी हिदायत देती हैं कि “किसी को मत बताना कि मैं आई थी, न प्रधान जी को और न किसी और को। वीडियो के अंत में महिला को अंदेशा हो जाता है कि शायद उसकी बातचीत रिकॉर्ड की जा रही है। वह सामने वाले से पूछती भी है “कहीं तुम वीडियो तो नहीं बना रहे?” लेकिन तब तक वीडियो समाप्त हो जाती है।
वीडियो वायरल, महिला सस्पेंड
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मामला शाहजहांपुर जिले का है। वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला लेखपाल को निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर उस गहराई से जड़ें जमा चुकीं भ्रष्टाचार की मानसिकता को उजागर कर दिया है, जिसमें रिश्वत को ‘सामान्य प्रक्रिया’ मान लिया गया है। चाहे वो ‘फाइल आगे बढ़ाने’ की बात हो या ‘चाय-पानी’ का बहाना यह सब आम जनता के भरोसे को तोड़ते हैं।
Also Read: UP Police: खाकी के इस्तकबाल को धता बताकर कोर्ट में सरेंडर कर रहे अपराधी

