उन्नाव में कलयुगी बेटे का खौफनाक कदम, लोहे की रॉड से वार कर मां को उतारा मौत के घाट
Sandesh Wahak Digital Desk: उन्नाव जिले के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कंजा खेड़ा गांव में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां घरेलू विवाद के चलते एक बेटे ने अपनी 50 वर्षीय मां, शांति देवी, की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है और गाँव का हर शख्स स्तब्ध है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे घर में किसी बात को लेकर मां शांति और छोटे बेटे राजन के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राजन अपना आपा खो बैठा। उसने पास ही पड़ी लोहे की भारी रॉड उठाई और मां के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि शांति देवी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही गंगाघाट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर अजय सिंह ने घटनास्थल की जांच की और हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी रॉड बरामद कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका का बड़ा बेटा राजेश, जो घटना के समय गांव से बाहर था, मां की मौत की खबर सुनकर बदहवास हालत में घर पहुंचा। पुलिस अब आरोपी राजन की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
Also Read: यूपी पुलिस महकमे में फिर बड़ी हलचल, 5 सीनियर IPS अफसरों के तबादले, देखिए लिस्ट

