वाराणसी में अपर्णा यादव ने ओपी राजभर पर कसा तंज, कहा- बयान देने से पहले सोचना चाहिए
Varanasi News: उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव शुक्रवार को वाराणसी पहुंचीं। उन्होंने बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-शांति व महिला सशक्तिकरण के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्री ओपी राजभर के हालिया बयानों पर नाराजगी जाहिर की।
जब पत्रकारों ने ओपी राजभर के बयान पर उनकी राय पूछी, तो अपर्णा यादव ने कहा, “कोई भी बयान देने से पहले सोचना चाहिए। ओपी राजभर ने अच्छी बात नहीं की।” उन्होंने आगे कहा कि जो बयान उन्होंने दिए हैं, उस पर वही अपना पक्ष दें तो बेहतर है।

क्यों दिया ओपी राजभर ने बयान?
ओपी राजभर ने हाल ही में एबीवीपी (ABVP) कार्यकर्ताओं को ‘गुंडा’ कहा था, जब उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक कॉलेज में उन पर लाठियां बरसाई थीं। इस बयान को लेकर अपर्णा यादव ने उन पर तंज कसा।
अपर्णा यादव ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि पीएम ने काशी को कई सौगातें दी हैं और समय-समय पर यहां की जनता की समस्याओं को भी हल करते रहते हैं। उन्होंने पीएम को काशी के विकास में उनके बड़े योगदान के लिए धन्यवाद दिया।
रिपोर्ट: मदन मुरारी पाठक
Also Read: Jaunpur News: मतदाता सूची का बड़ा सत्यापन अभियान, 9.5 लाख डुप्लीकेट नामों की जांच जारी

