रमजान-होली के मद्देनजर DGP प्रशांत कुमार ने जारी किए निर्देश, कहा- ‘अराजकता बर्दाश्त नहीं’
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने होली, रमजान और ईद के मद्देनजर प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी ने सभी जिलों के अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अराजकता को कड़ा तरीके से रोका जाए।
डीजीपी ने थानेदारों को खासतौर पर रेलवे ट्रैक पर निगरानी बनाए रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि सभी थानेदार अपने इलाके में पड़ने वाले रेलवे ट्रैक पर पूरी सतर्कता बनाए रखें और शरारती तत्वों पर भी कड़ी नजर रखें। इसके अलावा, डीजीपी ने ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं को हर हाल में रोकने का आदेश दिया।
इसके साथ ही, डीजीपी ने चौकी और बीट प्रभारी को ग्राम सुरक्षा समितियों के साथ बैठक करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि होलिका दहन और जुम्मे की नमाज के दौरान सभी क्षेत्रीय सीओ (सर्कल ऑफिसर) अपने-अपने इलाकों में पैट्रोलिंग करें।
डीजीपी ने अति संवेदनशील और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश भी दिया। होली के पर्व के दौरान निगरानी बढ़ाने के लिए नए रणनीतिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का आदेश दिया गया।
इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से प्रदेश में एक्सप्रेस-वे और हाईवे के किनारे शराब की दुकानों को हटाने का आदेश दिया था। सीएम योगी ने कहा कि शराब की दुकानों के साइन बोर्ड बहुत बड़े होते हैं, जिन्हें छोटा किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने ट्रैफिक जाम से राहत के लिए भी अधिकारियों को ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
Also Read: हरियाणा कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की हत्या के आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में हुए कई…

