बाराबंकी में किसान पाठशाला का उद्घाटन, सीएम योगी बोले- नवाचार से बढ़ेगी आय

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बाराबंकी के हरख ब्लॉक के दौलतपुर गाँव में पद्मश्री और प्रगतिशील किसान रामसरन वर्मा के फार्म पर आयोजित किसान पाठशाला और प्रगतिशील किसान सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने खेती की चुनौतियों और उत्पादन बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

कृषि में यूपी का महत्वपूर्ण योगदान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के किसानों की सराहना करते हुए कहा कि “उत्तर प्रदेश के पास देश की कुल कृषि भूमि का मात्र 11 प्रतिशत हिस्सा है, लेकिन इसके बावजूद यूपी देश के कुल कृषि उत्पादन में 21 फीसदी का महत्वपूर्ण योगदान देता है। यह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश का किसान मेहनती होने के साथ-साथ नवाचार की क्षमताओं से भी भरपूर है।”

सीएम ने बताया कि सरकार प्रदेश के 28 जिलों में खेती में सुधार और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए 4000 करोड़ रुपये की लागत से विशेष प्रयास कर रही है।

किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार योजनाएं चला रही है, जिनमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि, पीएम किसान सम्मान निधि, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, और कृषि यंत्रों पर सब्सिडी प्रमुख हैं।

उन्होंने किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ उच्च मूल्य वाली फसलों, सब्जियों, फल उत्पादन और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि उनकी आमदनी कई गुना बढ़ सके। उन्होंने पद्मश्री रामसरन वर्मा का उदाहरण देते हुए कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने से सीमित भूमि पर भी शानदार उत्पादन संभव है।

खेती को लाभकारी बनाने की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने किसानों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनकी प्रगति के बिना समृद्ध भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए, सरकार हर जिले में किसान प्रशिक्षण, मॉडल फार्म और आधुनिक मार्केट से जोड़ने की व्यवस्था को मजबूत कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खेती को लाभकारी बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे और किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Also Read: Lucknow News: एसटीएफ ने बहराइच-नेपाल बॉर्डर से फर्जी आधार कार्ड रैकेट के मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.