अडानी समूह की कंपनी ACC पर आयकर विभाग ने लगाया करोड़ों का जुर्माना

Sandesh Wahak Digital Desk: गौतम अडानी समूह की सीमेंट कंपनी एसीसी लिमिटेड (ACC Ltd.) पर आयकर विभाग ने कुल 23.07 करोड़ रुपये के दो अलग-अलग जुर्माने लगाए हैं। हालांकि, कंपनी ने कहा है कि वह अपीलीय प्राधिकारियों के समक्ष इन जुर्मानों को चुनौती देगी।

आयकर विभाग ने एसीसी लिमिटेड पर दो अलग-अलग आकलन वर्षों के लिए यह कार्रवाई की है। 14.22 करोड़ रुपये का यह जुर्माना आकलन वर्ष 2015-16 के लिए लगाया गया है, जिसमें कंपनी पर कथित तौर पर आय का गलत विवरण प्रस्तुत करने का आरोप है। 8.85 करोड़ रुपये का यह जुर्माना आकलन वर्ष 2018-19 के लिए लगाया गया है, जो आय कम बताने के मामले से जुड़ा है। कंपनी को ये नोटिस 1 अक्टूबर 2025 को मिले हैं।

एसीसी लिमिटेड ने शेयर बाजार को सूचित किया है कि कंपनी निर्धारित समय-सीमा के भीतर आयकर आयुक्त (अपील) के समक्ष अपील दायर करके दोनों आदेशों का कड़ा विरोध करेगी। साथ ही, कंपनी इन जुर्मानों पर रोक लगाने की भी मांग करेगी। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इन जुर्मानों का उसकी वित्तीय गतिविधियों पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ेगा।

अधिग्रहण से पहले की अवधि से जुड़े हैं मामले

गौरतलब है कि एसीसी, अदाणी सीमेंट का हिस्सा अंबुजा सीमेंट की सहायक कंपनी है। आयकर विभाग ने जो नोटिस भेजे हैं, वे उस अवधि से जुड़े हैं जब यह कंपनी गौतम अदाणी के नेतृत्व वाले समूह का हिस्सा नहीं बनी थी। अदाणी समूह ने सितंबर 2022 में 6.4 अरब अमेरिकी डॉलर के सौदे में स्विट्जरलैंड के होल्सिम समूह से अंबुजा सीमेंट्स और उसकी सहायक कंपनी एसीसी लिमिटेड का अधिग्रहण किया था।

Also Read: राजा भैया की ‘शस्त्र पूजा’ पर विवाद, पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने DGP से की जांच की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.