Lucknow News: बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड, 50 से ज्यादा अधिकारी खंगाल रहे दस्तावेज

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह के लिए बुधवार की सुबह मुश्किलों भरी रही। आय से अधिक संपत्ति और वित्तीय अनियमितताओं की आशंका के बीच आयकर विभाग की टीम ने उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इस पूरी कार्रवाई में विभाग के 50 से अधिक वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

बुधवार सुबह आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ स्थित आवास और दफ्तर के साथ-साथ उनके गृह जनपद बलिया में भी छापेमारी की। लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में स्थित उनके निवास और कार्यालय को टीम ने अपने घेरे में ले लिया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के मुताबिक, इनकम टैक्स की टीम ने विधायक के घर और दफ्तर से बड़ी संख्या में फाइलें और डिजिटल दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। अधिकारी फिलहाल इन दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। अभी तक विभाग की ओर से इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई किसी बड़े लेनदेन की जांच से जुड़ी हो सकती है।

खराब स्वास्थ्य के बीच बढ़ी मुश्किलें

उमाशंकर सिंह के करीबियों का कहना है कि विधायक पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और उनका इलाज चल रहा है। ऐसे में बीमारी के दौरान हुई इस बड़ी कार्रवाई ने उनके परिवार और समर्थकों की चिंता बढ़ा दी है।

गौरतलब है कि उमाशंकर सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधानसभा में बसपा के इकलौते विधायक हैं। बलिया की रसड़ा सीट से वह लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं और पार्टी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। इस छापेमारी के बाद अब विपक्षी दलों और सत्ता पक्ष के बीच बयानबाजी तेज होने की उम्मीद है।

Also Read: ट्रंप का दावा, ऑपरेशन सिंदूर में मेरे हस्तक्षेप से बची पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की जान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.