राजस्थान में आयकर विभाग का छठे दिन भी जारी, बेशुमार कैश, करोड़ों की ज्वेलरी और अवैध गोदाम जब्त
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान में रियल एस्टेट, पान मसाला कंपनियों और अन्य कारोबारियों पर आयकर विभाग (Income Tax Department) की छापेमारी सोमवार को छठे दिन भी जारी रही। अब तक की कार्रवाई में अधिकारियों ने करोड़ों की टैक्स चोरी का पता लगाया है। छापेमारी के दौरान, अधिकारियों ने ₹9.5 करोड़ नकद और ₹10.5 करोड़ की ज्वेलरी जब्त की है। इसके अलावा, ₹12.50 करोड़ के लेन-देन का भी खुलासा हुआ है।
GPS और मेटल डिटेक्टर से हुआ बड़ा खुलासा
आयकर विभाग की टीम को छापेमारी के दौरान कई चौंकाने वाली चीजें मिलीं। एक पान मसाला समूह का अवैध गोदाम GPS डिवाइस की मदद से ढूंढा गया, जहाँ से ₹100 करोड़ से अधिक का माल जब्त किया गया है। टीम को एक क्लाउड सर्वर भी मिला, जिसमें करोड़ों के लेन-देन का रिकॉर्ड दर्ज है। मेटल डिटेक्टर की मदद से एक ठिकाने के फर्श के नीचे बनी गुप्त तिजोरी को खोजा गया।
100 ठिकानों पर जारी है छापेमारी
यह छापेमारी जयपुर और कोटा सहित कई जिलों में करीब 100 ठिकानों पर चल रही है। जिन प्रमुख समूहों पर कार्रवाई हो रही है, उनमें गोकुल कृपा ग्रुप, हाई फ्लाई रियल एस्टेट, VRB ग्रुप, भूमिका डेवलपर्स, रियासत ग्रुप और किसान ग्रुप शामिल हैं।
रविवार को कोटा के एक पान मसाला कारोबारी के यहाँ से ₹10 करोड़ का गुटखा जब्त किया गया था, जिसे एक गोदाम में छिपाकर रखा गया था। यह मामला CGST विभाग को सौंप दिया गया है। फिलहाल, छापेमारी जारी है और जब्त की गई संपत्ति का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है।
Also Read: बिहार में NDA की सीटों पर रार, नीतीश ने बिना सहमति के किया उम्मीदवार का ऐलान

