IND vs ENG 5th Test: एक टेस्ट सीरीज में 19 शतक, भारत के नाम दर्ज हुआ ऐतिहासिक रिकॉर्ड
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज ऐतिहासिक मोड़ पर है। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने न केवल दमदार प्रदर्शन किया, बल्कि एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा शतक लगाने का नया भारतीय रिकॉर्ड भी बनाया।
अब तक दोनों टीमों की ओर से मिलाकर 19 शतक लग चुके हैं, और इंग्लैंड की दूसरी पारी अभी बाकी है। यदि इंग्लैंड के दो और बल्लेबाज शतक जमा लेते हैं, तो यह वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी होगी।
शुभमन गिल ने बतौर कप्तान पहली ही टेस्ट सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन किया। उन्होंने खुद सीरीज में सबसे ज्यादा 4 शतक लगाए और टीम इंडिया की ओर से कुल 12 शतक आए। यह पहली बार है जब भारत की ओर से किसी एक टेस्ट सीरीज में इतने शतक लगे हैं।
यशस्वी जायसवाल की दमदार बल्लेबाज़ी

यशस्वी जायसवाल ने सीरीज के पहले और आखिरी टेस्ट में शतक जड़कर अपनी छाप छोड़ी। आखिरी टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 164 गेंदों में 14 चौके और 2 छक्कों की मदद से 118 रनों की शानदार पारी खेली, जो इस पारी का एकमात्र शतक रहा।
उनके इस शतक की बदौलत भारत ने इंग्लैंड को जीत के लिए 374 रनों का लक्ष्य दिया।
टेस्ट इतिहास में तीसरे नंबर की सीरीज

अब तक इस सीरीज में कुल 19 शतक लग चुके हैं — भारत की ओर से 12 और इंग्लैंड की ओर से 7। यह आंकड़ा टेस्ट इतिहास में अब तक की तीसरी सबसे ज्यादा शतक वाली सीरीज बन गया है:
-
ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज (1955) – 21 शतक
-
वेस्टइंडीज बनाम दक्षिण अफ्रीका (2003-04) – 20 शतक
-
भारत बनाम इंग्लैंड (2025) – 19 शतक (अब तक)
अगर इंग्लैंड की दूसरी पारी में 2 और शतक लगते हैं, तो यह सीरीज 21 शतकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच जाएगी।
इंग्लैंड के पास इतिहास रचने का मौका

तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 50/1 रन बना लिए हैं, और उसे जीत के लिए अभी 324 रन चाहिए, जबकि भारत को 8 विकेट।
यदि इंग्लैंड यह लक्ष्य हासिल करता है, तो वह सीरीज 3-1 से अपने नाम कर लेगा। वहीं भारत जीत दर्ज करता है तो सीरीज 2-2 से ड्रॉ हो जाएगी।
एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली टीमें
-
ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज (1955) – 12 शतक
-
पाकिस्तान बनाम भारत (1982-83) – 12 शतक
-
दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज (2003-04) – 12 शतक
-
भारत बनाम इंग्लैंड (2025) – 12 शतक
भारत अब इस ऐतिहासिक सूची में शामिल हो चुका है।

