IND vs ENG 3rd Test: बुमराह की रफ्तार में उड़ा इंग्लैंड, कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट में जसप्रीत बुमराह ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो अब तक भारतीय तेज गेंदबाजों के लिए महज़ एक सपना था।

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर उन्होंने इंग्लैंड की पहली पारी में 5 विकेट चटकाकर न केवल मैच में भारत की पकड़ मजबूत की, बल्कि महान ऑलराउंडर कपिल देव का एक अहम रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

जसप्रीत बुमराह के करियर का यह 15वां फाइव विकेट हॉल था, लेकिन खास बात यह रही कि यह उनका विदेशी जमीन पर 13वां पांच विकेट Haul रहा।

इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने कपिल देव को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम विदेशी सरजमीं पर 12 बार पारी में 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड था। अब बुमराह विदेशों में सबसे ज्यादा पांच विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।

IND vs ENG 3rd Test

विदेशी सरजमीं पर सर्वाधिक 5 विकेट हॉल (भारत के लिए):

  1. जसप्रीत बुमराह – 13

  2. कपिल देव – 12

  3. अनिल कुंबले – 10

  4. इशांत शर्मा – 9

ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज, फिर भी जश्न नहीं मनाया

लॉर्ड्स टेस्ट में पांच विकेट लेने पर गेंदबाज का नाम “ऑनर्स बोर्ड” पर दर्ज होता है। यह हर खिलाड़ी के लिए एक सपना होता है। लेकिन जसप्रीत बुमराह ने इस उपलब्धि के बावजूद शांत प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने इंग्लैंड की पारी के दौरान जोफ्रा आर्चर को आउट कर अपना पांचवां विकेट पूरा किया और इंग्लैंड को 387 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।

इंग्लैंड की पारी: कुछ अर्धशतक, फिर गिरावट

दूसरे दिन इंग्लैंड ने 4 विकेट पर 251 रन से आगे खेलना शुरू किया। जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स के अर्धशतक जरूर आए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने बाकी बल्लेबाज टिक नहीं पाए। बुमराह के अलावा मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा ने भी अहम विकेट लिए।

भारत की पारी: राहुल-पंत ने बचाई लाज

भारतीय पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल 13 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर आउट हुए।

वहीं, करुण नायर 40 रन बनाकर कप्तान बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे। शुभमन गिल भी लय में नजर नहीं आए और 28 रन पर पवेलियन लौट गए।

दिन का खेल खत्म होने तक केएल राहुल 53 रन बनाकर नाबाद हैं और ऋषभ पंत 19 रन के साथ उनका साथ दे रहे हैं। भारत अभी भी इंग्लैंड से 242 रन पीछे है, और पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाना अब भी चुनौती बनी हुई है।

Also Read: T20 World Cup 2026: इटली ने क्रिकेट वर्ल्ड में मचाया धमाल, वर्ल्डकप के लिए क्वालीफाई कर रचा इतिहास

Get real time updates directly on you device, subscribe now.