IND vs ENG: मैनचेस्टर टेस्ट से पहले बड़ा बदलाव, इस धाकड़ गेंदबाज को मिली टीम इंडिया में एंट्री
Sandesh Wahak Digital Desk: इंग्लैंड के खिलाफ चल रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को शामिल किया गया है।
यह फैसला अर्शदीप सिंह की चोट के चलते लिया गया, जिन्हें चौथे टेस्ट से बाहर होना पड़ा है। सीरीज का चौथा टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा, जिसे टीम इंडिया के लिए ‘करो या मरो’ मुकाबला माना जा रहा है।
बीसीसीआई के सूत्रों ने बताया कि अर्शदीप सिंह की उंगली पर गहरी चोट लगी है, जिस पर टांके लगे हैं। उनकी रिकवरी में कम से कम 10 दिन लगेंगे। ऐसे में चयनकर्ताओं ने विकल्प के तौर पर अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया है।

वहीं, जसप्रीत बुमराह की स्थिति को लेकर भी असमंजस बरकरार है। पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार बुमराह को सीरीज के चौथे टेस्ट में आराम दिया जाना था और वह सिर्फ पांचवां टेस्ट खेलते।
लेकिन सीरीज 1-2 से पिछड़ रही टीम इंडिया के लिए यह मैच निर्णायक है, ऐसे में बुमराह अपना फैसला बदल सकते हैं। अगर वह नहीं खेलते, तो अंशुल कंबोज को डेब्यू का मौका मिल सकता है।
कौन हैं अंशुल कंबोज?
हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने अभी तक भारत के लिए किसी भी फॉर्मेट में डेब्यू नहीं किया है।
हालांकि वह इंडिया A की ओर से इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दो फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 5 विकेट लेने के साथ 51 रनों की अर्धशतकीय पारी भी खेली थी।
अंशुल कंबोज का प्रदर्शन
-
फर्स्ट क्लास मैच: 24 मैच, 79 विकेट (1 बार 10 विकेट, 2 बार 5 विकेट हॉल), 486 रन
-
लिस्ट A: 25 मैच, 40 विकेट
-
T20: 30 मैच, 34 विकेट
-
IPL 2025: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले
अंशुल का ऑलराउंड प्रदर्शन उन्हें बुमराह या प्रसिद्ध कृष्णा जैसे गेंदबाजों का प्रभावी विकल्प बना सकता है, खासकर तब जब प्रसिद्ध कृष्णा शुरुआती मैचों में काफी महंगे साबित हुए हैं।
क्या मिल सकता है डेब्यू का मौका?
अगर बुमराह चौथे टेस्ट में नहीं उतरते, तो अंशुल कंबोज को सीधा डेब्यू का मौका मिल सकता है। इंग्लैंड की पिचों पर उनका हालिया अनुभव और इंडिया A के साथ उनका प्रदर्शन चयनकर्ताओं के भरोसे को मजबूत करता है।
अब देखना यह है कि क्या टीम मैनेजमेंट इस अहम मुकाबले में अनुभव को तरजीह देगा या युवा प्रतिभा को मौका देकर जोखिम लेगा।
Also Read: Asia Cup 2025 पर गहराया संकट, BCCI ने दी बैठक बहिष्कार की चेतावनी

