IND vs ENG: शुभमन गिल के बाहर जाते ही कप्तान बने केएल राहुल, जानिए क्यों लिया गया अचानक फैसला

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन एक दिलचस्प घटनाक्रम देखने को मिला।

टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे शुभमन गिल को तीसरे सेशन में कुछ देर के लिए मैदान छोड़ना पड़ा, जिसके बाद केएल राहुल ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली। हैरानी की बात यह रही कि राहुल इस सीरीज में उपकप्तान भी नहीं हैं।

तीसरे टेस्ट के पहले दिन जब तीसरा सेशन चल रहा था, तभी शुभमन गिल को मैदान छोड़कर जाना पड़ा। हालांकि, इसकी वजह का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि यह एहतियातन कदम था और गिल जल्द ही मैदान पर लौट सकते हैं।

IND vs ENG

राहुल को क्यों सौंपी गई कप्तानी?

गिल की गैरमौजूदगी में कप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल को दी गई, जबकि वे आधिकारिक उपकप्तान भी नहीं हैं।

दरअसल, उपकप्तान ऋषभ पंत पहले ही मैच के दौरान चोटिल हो चुके थे। पंत को 34वें ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर एक डाइव लगाते हुए तर्जनी उंगली में चोट लग गई थी, जिसके बाद वे मैदान से बाहर हो गए। उनकी जगह ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग कर रहे हैं।

ऐसे में जब गिल मैदान से बाहर गए, तो कप्तानी का जिम्मा सबसे सीनियर खिलाड़ी केएल राहुल को सौंपा गया, जिन्होंने फील्डिंग और बॉलिंग में सभी रणनीतिक फैसले लिए।

पहले दिन का खेल: इंग्लैंड की मजबूत शुरुआत

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत को पहली सफलता दिलाई युवा तेज गेंदबाज नितीश कुमार रेड्डी ने, जिन्होंने अपने पहले ही ओवर में दोनों ओपनर्स—जैक क्रॉली (18) और बेन डकेट (23)—को पवेलियन भेजा। इसके बाद जो रूट और ओली पोप ने पारी को संभाला और शतकीय साझेदारी की।

रवींद्र जडेजा ने ओली पोप को 44 रन पर आउट किया, जबकि हैरी ब्रूक (11) को जसप्रीत बुमराह ने चलता किया। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 4 विकेट पर 251 रन बना लिए हैं। जो रूट 99 रन पर नाबाद हैं, वहीं कप्तान स्टोक्स 39 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।

Also Read: क्रिकेटर यश दयाल ने यौन उत्पीड़न मामले में हाईकोर्ट का किया रुख, FIR रद्द करने की गुहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.