IND Vs NZ 2nd T20I: पहले ही ओवर में इस भारतीय गेंदबाज ने लुटाए सबसे ज्यादा रन, बन गया अनचाहा रिकॉर्ड

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और न्यूजीलैंड के बीच रायपुर में खेले जा रहे दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे कोई भी गेंदबाज अपने करियर में नहीं देखना चाहता।

मैच के पहले ही ओवर में अर्शदीप ने 18 रन लुटा दिए, जो टी20 इंटरनेशनल में किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा डाले गए पहले ओवर में दिए गए सबसे ज्यादा रन हैं।

शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार, 23 जनवरी को खेले जा रहे मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने नई गेंद से आक्रमण की शुरुआत की।

न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के ओपनर डेवोन कॉनवे ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए अर्शदीप के पहले ओवर में तीन चौके और एक छक्का जड़ दिया। इस ओवर से कुल 18 रन आए और भारत पर शुरुआती दबाव बन गया।

Arshdeep Singh

इस प्रदर्शन के साथ अर्शदीप सिंह ने भुवनेश्वर कुमार की बराबरी कर ली है। भुवनेश्वर ने 28 जून 2022 को आयरलैंड के खिलाफ डबलिन में अपने पहले ओवर में 18 रन दिए थे।

हालांकि, वह ओवर रन चेज के दौरान डाला गया था, जबकि अर्शदीप ने मुकाबले का पहला ही ओवर फेंका।

टी20 इंटरनेशनल में भारतीय गेंदबाजों के सबसे महंगे पहले ओवर की सूची में अर्शदीप और भुवनेश्वर के बाद रविचंद्रन अश्विन और मोहम्मद शमी जैसे नाम भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने-अपने मुकाबलों में 17 रन खर्च किए हैं।

हालांकि, एक ओवर के आधार पर किसी गेंदबाज की क्षमता को आंकना सही नहीं माना जाता। अर्शदीप सिंह पिछले कुछ वर्षों में भारत के लिए खासकर डेथ ओवर्स में लगातार अहम विकेट निकालते रहे हैं और टीम मैनेजमेंट का उन पर पूरा भरोसा बना हुआ है।

Also Read: पहले स्मृति मंधाना और अब दोस्त… पलाश मुच्छल पर 40 लाख रुपये के फ्रॉड का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.