IND vs NZ: दूसरे वनडे में भारत की हार के 3 बड़े कारण, कप्तान गिल का एक फैसला पड़ा सबसे भारी
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 7 विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। केएल राहुल की शानदार शतकीय पारी (112 रन) भी टीम इंडिया को हार से नहीं बचा सकी।
डेरिल मिचेल के नाबाद शतक के सामने भारतीय गेंदबाज 284 रन के लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे। राजकोट में खेले गए इस मुकाबले में भारत की हार के तीन बड़े कारण सामने आए—
1. शीर्ष क्रम की नाकामी
टीम इंडिया की शुरुआत मजबूत रही और बिना विकेट खोए 70 रन जोड़ लिए गए, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। महज 48 रनों के भीतर भारत ने 4 विकेट गंवा दिए।
शुभमन गिल अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके, जबकि रोहित शर्मा और विराट कोहली भी प्रभाव नहीं छोड़ पाए। एक समय भारत के लिए 250 रन तक पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा था। ऐसे में केएल राहुल की शतकीय पारी की बदौलत टीम 284 रन तक पहुंच सकी।
2. कप्तान शुभमन गिल का गलत फैसला
न्यूजीलैंड की टीम 46 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी। 13वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने हेनरी निकल्स को आउट कर भारत को बढ़त दिलाई थी। ऐसे मौके पर कप्तान को आक्रामक रुख अपनाते हुए विकेट लेने वाले गेंदबाज—मोहम्मद सिराज या हर्षित राणा—को गेंद थमानी चाहिए थी।
लेकिन कप्तान ने नितीश रेड्डी को गेंदबाजी जारी रखने का फैसला किया, जिसका फायदा डेरिल मिचेल और विल यंग ने उठाया और खुलकर रन बटोरे। यही साझेदारी मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुई।
3. स्पिन गेंदबाज रहे बेअसर
भारतीय स्पिन गेंदबाज इस मैच में पूरी तरह फ्लॉप रहे। कुलदीप यादव ने 10 ओवर में 82 रन लुटाए और सिर्फ एक विकेट ले सके। वहीं, रवींद्र जडेजा भी अपने अनुभव का फायदा नहीं दिला पाए और 8 ओवर में 44 रन खर्च कर दिए।
स्पिनरों के दबाव न बना पाने से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को लक्ष्य हासिल करने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
Also Read: वनडे क्रिकेट में विराट कोहली फिर बने दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज, रोहित शर्मा को हुआ नुकसान

