IND vs SA CWC25 Final: महामुकाबला… 2 बार टूटा वर्ल्ड कप जीतने का सपना, इस बार है सुनहरा मौका

Sandesh Wahak Digital Desk: महिला क्रिकेट इतिहास का नया अध्याय रविवार, 2 नवंबर को डीवाई पाटिल स्टेडियम में लिखा जाएगा।

महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में भारत और साउथ अफ्रीका आमने-सामने होंगी।

खास बात यह है कि पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल में न तो ऑस्ट्रेलिया होगी और न इंग्लैंड। यानी इस बार क्रिकेट जगत को नया चैम्पियन मिलने वाला है।

भारतीय टीम पहले दो मौकों (2005 और 2017) पर खिताब के बेहद करीब पहुंची थी, लेकिन भाग्य ने साथ नहीं दिया। 2005 में मिताली राज की कप्तानी में टीम ऑस्ट्रेलिया से 98 रनों से हारी थी, जबकि 2017 में इंग्लैंड ने भारत को सिर्फ 9 रनों से मात दी थी।

अब हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में ‘ब्लू ब्रिगेड’ के पास तीसरी बार इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।

IND vs SA CWC25 Final

भारत को मिलेगा होम एडवांटेज

डीवाई पाटिल स्टेडियम पर टीम इंडिया लगातार चौथा मैच खेलेगी और इससे पहले खेले गए तीनों मुकाबले उसने जीते हैं।

ऐसे में पिच, माहौल और दर्शकों का समर्थन भारत के पक्ष में रहेगा। इसके उलट, साउथ अफ्रीका इस मैदान पर पहली बार उतरेगी, जिससे उन्हें हालात समझने में मुश्किल आ सकती है।

टीम इंडिया का कॉम्बिनेशन मजबूत

सेमीफाइनल में भारत ने शायद अपनी सबसे संतुलित प्लेइंग इलेवन खोज ली है—नंबर 8 तक बल्लेबाजी और छह गेंदबाजी विकल्पों के साथ।

राधा यादव और स्नेह राणा में से किसी एक को चुनने की दुविधा बनी हुई है, हालांकि अफ्रीका की दाएं हाथ की बल्लेबाजों वाली लाइन-अप को देखते हुए राधा यादव को मौका मिलने की संभावना ज्यादा है।

अफ्रीका की चुनौती दोहरी

साउथ अफ्रीका की ओपनर ताजमिन ब्रिट्स कंधे की चोट से उबर चुकी हैं और खेलने के लिए तैयार हैं। टीम कॉम्बिनेशन को लेकर अब भी विचार-विमर्श जारी है।

अगर पिच फ्लैट रही तो अफ्रीका एक अतिरिक्त गेंदबाज को शामिल कर सकती है ताकि भारत की मजबूत बल्लेबाजी को रोका जा सके।

महिला वनडे वर्ल्ड कप विजेताओं की सूची:

  • 1973: इंग्लैंड

  • 1978, 1982, 1988, 1997, 2013, 2022: ऑस्ट्रेलिया

  • 1993: इंग्लैंड

  • 2000: न्यूजीलैंड

  • 2009: इंग्लैंड

  • 2017: इंग्लैंड

  • 2005: ऑस्ट्रेलिया

संभावित प्लेइंग-11

भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, स्नेह राणा/राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर।

साउथ अफ्रीका: लौरा वोलवॉर्ड (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, सुने लुस, एनेरी डर्कसेन, एनेके बॉश, मारिजाने कैप, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), क्लो ट्रायोन, नादिन डिक्लर्क, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा।

Also Read: IPL 2026 ऑक्शन से पहले होगा जबरदस्त ट्रेड, सैमसन और राहुल को लेकर टीमों के बीच ट्रेड की तैयारी तेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.