इंडिया गठबंधन ने सुदर्शन रेड्डी को बनाया उपराष्ट्रपति उम्मीदवार, NDA के सीपी राधाकृष्णन से होगा मुकाबला

Sandesh Wahak Digital Desk: उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। एनडीए द्वारा सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार घोषित करने के बाद, अब इंडिया गठबंधन ने भी अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को घोषणा की कि गठबंधन की तरफ से पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी उपराष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ेंगे।

गरीबों के हक में रहे हैं रेड्डी के फैसले

मल्लिकार्जुन खड़गे ने सुदर्शन रेड्डी को एक ‘प्रतिष्ठित और प्रगतिशील न्यायविद’ बताया। उन्होंने कहा कि रेड्डी ने आंध्र प्रदेश और गुवाहाटी हाई कोर्ट में जज के तौर पर और बाद में सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में अपनी सेवाएँ दी हैं। खड़गे ने कहा, अगर आप उनके कई फैसले पढ़ेंगे, तो आपको पता चलेगा कि उन्होंने कैसे गरीबों का पक्ष लिया और संविधान तथा मौलिक अधिकारों की रक्षा की। खड़गे के मुताबिक, सभी गठबंधन दलों की सहमति के बाद रेड्डी का नाम तय किया गया है।

कौन हैं NDA उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन

एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार बनाया है। तमिलनाडु के तिरुपुर में जन्मे राधाकृष्णन ने 16 साल की उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वह दो बार कोयंबटूर से सांसद रह चुके हैं और झारखंड के राज्यपाल भी रहे हैं।

चुनाव का शेड्यूल

उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है, जबकि उम्मीदवार 25 अगस्त तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। मतदान और मतगणना दोनों 9 सितंबर को होंगे। गौरतलब है कि मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद यह पद खाली हो गया था।

Also Read: Varanasi News: यूपी में अनोखी शादी: पति ने 25 साल की शादी तोड़कर पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.