भारत और मॉरीशस सिर्फ पार्टनर नहीं, परिवार हैं: पीएम मोदी
Varanasi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के एक दिन के दौरे पर हैं। इस दौरान, वाराणसी पहुँचकर उन्होंने मॉरीशस के अपने समकक्ष नवीनचंद्र रामगुलाम से मुलाकात की और दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई।
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि उन्हें अपने संसदीय क्षेत्र में उनका स्वागत करने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि काशी हमेशा से ही भारत की सभ्यता और सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हमारी संस्कृति और संस्कार सदियों पहले भारत से मॉरीशस पहुँचे और वहाँ की जीवन-पद्धति में पूरी तरह रच-बस गए। उन्होंने काशी में माँ गंगा की अविरल धारा से मॉरीशस में भारतीय संस्कृति के प्रवाह की तुलना की।
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा, आज जब हम मॉरीशस के साथियों का काशी में स्वागत कर रहे हैं, तो यह सिर्फ़ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक मिलन है। इसलिए मैं गर्व से कहता हूं कि भारत और मॉरीशस सिर्फ पार्टनर नहीं, बल्कि एक परिवार हैं। दोनों नेताओं ने विकास और क्षमता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की। वाराणसी के बाद, प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के लिए रवाना होंगे।
Also Read: Kanpur News: छात्रों से भरी स्कूल बस पलटी, पिता-पुत्र की मौत, कई बच्चे घायल

