इकाना में ‘करो या मरो’ का टी-20 मुकाबला आज, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा मैच

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के इकाना स्टेडियम (भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम) में बुधवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना चुकी भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा करने के इरादे से उतरेगी, जबकि मेहमान दक्षिण अफ्रीका के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ की स्थिति वाला है।

इकाना में ट्रैक रिकॉर्ड

भारतीय टीम ने इकाना स्टेडियम में अब तक खेले गए सभी तीनों टी-20 मुकाबले जीते हैं, जो मेजबान टीम का आत्मविश्वास बढ़ाएगा। दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड भी इकाना में शानदार रहा है, जहाँ उन्होंने खेले गए दोनों वनडे मुकाबलों में जीत दर्ज की है। ऐसे में वे टी-20 फॉर्मेट में भी जीत से आगाज करना चाहेंगे। मैच के दौरान ओस और धुंध एक बड़ी चुनौती बन सकती है, जिससे दोनों टीमों को निपटना होगा।

टीम इंडिया की ताकत और चिंताएं

भारत की जीत का सबसे सकारात्मक पहलू उसकी मजबूत गेंदबाजी रही है। वरुण चक्रवर्ती (6 विकेट) के नेतृत्व में अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने शानदार प्रदर्शन किया है। अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के टीम से जुड़ने से आक्रमण और मजबूत होगा।

सलामी जोड़ी शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने अच्छी शुरुआत दी है, लेकिन गिल अभी तक अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। टीम की दूसरी बड़ी चिंता कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म है, जिन्होंने तीन मैचों में सिर्फ 29 रन बनाए हैं।

हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने अपने ऑलराउंडर भूमिका से न्याय किया है। हालांकि, तीसरे ऑलराउंडर अक्षर पटेल का अगले दो मैचों से बाहर होना टीम के प्रदर्शन को प्रभावित कर सकता है।

दक्षिण अफ्रीका की स्थिति

2-1 से पिछड़ने के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम को सीरीज जीवित रखने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना होगा। कप्तान एडन मार्करम को छोड़कर टीम का बल्लेबाजी क्रम निराश कर रहा है। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और डेविड मिलर (जिन्होंने आईपीएल में लखनऊ के लिए इकाना में खेला है) को बड़ी पारियां खेलकर फॉर्म में वापसी करनी होगी।

अफ्रीकी गेंदबाजी औसत दर्जे की रही है। तेज गेंदबाज एनडीगी (6 विकेट) सबसे सफल रहे हैं। भारत के मजबूत बल्लेबाजी क्रम पर दबाव बनाने के लिए बाकी गेंदबाजों को एड़ी-चोटी का जोर लगाना होगा। दोनों ही टीमों में स्टार खिलाड़ियों की लंबी फेहरिस्त है, जिससे बुधवार को होने वाले इस मुकाबले में कड़ी टक्कर की उम्मीद है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.