Champions Trophy 2025: ICC वनडे इवेंट के नॉकआउट में 6 बार हुई है भारत-ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत, किसका पलड़ा है भारी?
IND vs AUS Champions Trophy 2025: मंगलवार (4 मार्च) को चैंपियंस ट्रॉफी का पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा. पहले सेमीफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आमने-सामने होंगी.

ICC वनडे इवेंट्स के नॉकआउट मैचों में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें 6 बार आमने-सामने हो चुकी हैं. इस तरह भारत और ऑस्ट्रेलिया 7वीं बार आईसीसी वनडे इवेंट्स के नॉकआउट मैच में भिड़ेंगी.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि आईसीसी वनडे इवेंट्स के नॉकआउट मैचों में किसका पलड़ा भारी रहा है? और आईसीसी वनडे इवेंट्स के नॉकआउट मैचों में भारत और ऑस्ट्रेलिया के हेड टू हेड रिकॉर्ड क्या हैं? आइए एक नजर डालते हैं.
नॉकआउट मैचों में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को कब-कब हराया?

ICC वनडे इवेंट्स के नॉकआउट मैचों में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 3 बार हराया है. दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी 1998 क्वॉटर फाइनल में दोनों टीमें पहली बार भिड़ी थीं. जिसमें भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 44 रनों से हरा दिया था.
इसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी 2000 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 20 रनों से हराया. इसके अलावा वनडे वर्ल्ड कप 2011 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया था.
साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने भी भारत को आईसीसी वनडे इवेंट्स के नॉकआउट मैचों में 3 बार हराया है. जिसमें वनडे वर्ल्ड कप 2003 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 125 रनों से हराया था. इसके बाद वनडे वर्ल्ड कप 2015 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को हराया था. इसके अलावा वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हरा दिया था.
भारत-ऑस्ट्रेलिया का ओवरऑल हेड टू हेड रिकॉर्ड क्या है?

हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी रहा है. भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 2 बार हराया है. वहीं, अब तक चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को हराने में ऑस्ट्रेलिया नाकाम रहा है. लेकिन वनडे फॉर्मेट में ओवरऑल रिकॉर्ड उलट है. अब तक भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 151 वनडे खेले गए हैं. जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 84 जीते हैं, जबकि भारत को 57 मैचों में जीत मिली है.

