भारत ने बांग्लादेश से रेडीमेड कपड़ों और प्रोसेस्ड फूड के आयात पर लगाई रोक

नई दिल्ली: भारत ने बांग्लादेश से आने वाले कुछ खास उत्पादों के आयात पर बड़ी कार्रवाई की है। अब रेडीमेड गारमेंट्स (तैयार कपड़े), प्रोसेस्ड फूड और कुछ अन्य वस्तुओं को भारत में भूमि मार्ग (Land Ports) के जरिए लाना प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

यह फैसला विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) की ओर से जारी एक अधिसूचना के जरिए लिया गया, जो वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आता है। इसके तहत बांग्लादेश से आने वाले कई सामानों पर सीमित बंदरगाहों से ही आयात की अनुमति दी गई है, जबकि बाकी सभी भूमि बंदरगाहों पर इन वस्तुओं का प्रवेश रोक दिया गया है।

किन वस्तुओं पर लगा है प्रतिबंध

इस प्रतिबंध के दायरे में निम्नलिखित प्रमुख वस्तुएं शामिल हैं- रेडीमेड गारमेंट्स (RMG), प्रोसेस्ड फूड और फ्लेवर्ड ड्रिंक्स, कार्बोनेटेड पेय पदार्थ, कपास व सूती धागे का वेस्ट, पीवीसी और प्लास्टिक से बने तैयार उत्पाद और लकड़ी का फर्नीचर।

इन वस्तुओं को अब असम, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम और पश्चिम बंगाल के कुछ भूमि कस्टम स्टेशनों जैसे चंगराबांधा और फुलबारी से आयात करने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, न्हावा शेवा और कोलकाता जैसे समुद्री बंदरगाहों से इन वस्तुओं का आयात संभव रहेगा। इस अधिसूचना में कुछ वस्तुओं को छूट भी दी गई है। इनमें बांग्लादेश से आयातित मछली, एलपीजी (LPG), खाद्य तेल और क्रश्ड स्टोन शामिल हैं। इन पर यह बंदरगाह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।

क्यों उठाया गया यह कदम

सूत्रों के अनुसार, यह कदम बांग्लादेश की ओर से अप्रैल में उठाए गए एक फैसले की प्रतिक्रिया में लिया गया है। बांग्लादेश ने उस समय एक अधिसूचना जारी कर भारत से भूमि मार्ग के जरिए यार्न (सूती धागा) के आयात पर रोक लगा दी थी। भारत ने इसी नीति प्रतिक्रिया के तहत यह नया कदम उठाया है। साथ ही भारत ने बांग्लादेश के लिए दी जाने वाली ट्रांस-शिपमेंट सुविधा भी वापस ले ली है, जो बांग्लादेश को भारत के जरिए अन्य देशों तक सामान भेजने की सुविधा देती थी। भारत, बांग्लादेश का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वित्त वर्ष 2022-23 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 16 अरब डॉलर का था। इसमें से बांग्लादेश ने भारत से लगभग 14 अरब डॉलर का आयात किया, जबकि भारत को उसका निर्यात सिर्फ 2 अरब डॉलर रहा।

Also Read: चारमीनार के पास भीषण आग से 17 लोगों की मौत, पीएम मोदी और सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया शोक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.