परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा भारत, पाक PM शहबाज़ शरीफ के युद्ध जीतने के दावे पर भारत का करारा जवाब
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत ने शुक्रवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ के खिलाफ तीखा हमला बोलते हुए उनके युद्ध जीतने के दावों का मज़ाक उड़ाया। भारत ने साफ चेतावनी दी है कि वह किसी भी परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा और आतंकवादियों तथा उनके प्रायोजकों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करेगा।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता पेटल गहलोत ने शरीफ के सुबह-सुबह दिए गए भाषण को बेतुका ड्रामा बताते हुए उस पर पलटवार किया। पेटल गहलोत ने आतंकवाद के मुद्दे पर भारत का रुख साफ करते हुए कहा, आतंकवादियों और उनके प्रायोजकों में कोई फर्क नहीं होगा। दोनों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, हम परमाणु ब्लैकमेल के नाम पर आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेंगे। भारत कभी ऐसी धमकियों के आगे नहीं झुकेगा। दुनिया के लिए भारत का संदेश साफ है, आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस होना चाहिए। गहलोत ने आरोप लगाया कि आतंकवाद पाकिस्तान की विदेश नीति का केंद्र है और हाल की घटनाएँ फिर से साबित करती हैं कि इस्लामाबाद आतंकवादियों की तारीफ करता है, उन्हें प्रायोजित करता है और उनकी रक्षा करता है। उन्होंने कहा, कितना भी ड्रामा और कितने भी झूठ बोल लें, सच्चाई नहीं छुप सकती।
तबाह हुए एयरबेस और ऑपरेशन सिंदूर
पेटल गहलोत ने मई में हुए संघर्ष विराम के दौरान की घटना का जिक्र करते हुए शरीफ के दावे को अजीब बताया। उन्होंने कहा, 9 मई तक पाकिस्तान भारत पर और हमले की धमकी दे रहा था, लेकिन 10 मई को उसकी सेना ने सीधे हमसे लड़ाई बंद करने की गुजारिश की। उन्होंने खुलासा किया कि पाकिस्तान के मिलिट्री ऑपरेशंस के डायरेक्टर जनरल मेजर जनरल काशिफ अब्दुल्ला ने अपने भारतीय समकक्ष लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को फोन कर संघर्ष विराम की मांग की थी।
गहलोत ने कहा, बीच में जो हुआ, वह यह था कि भारतीय सेना ने कई पाकिस्तानी एयरबेस को तबाह कर दिया। उस नुकसान की तस्वीरें तो सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि शरीफ के लिए तबाह हुए एयरफोर्स बेस जीत का प्रतीक हो सकते हैं और वे इस पर आनंदित हो सकते हैं। भारत द्वारा आतंकवाद के ठिकानों को खत्म करने के लिए चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर का बचाव करते हुए गहलोत ने कहा कि पाकिस्तान ने निर्दोष नागरिकों पर आतंकवादी हमले किए थे और भारत ने अपने लोगों की रक्षा के लिए कार्रवाई की।
Also Read: गुरुग्राम में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार थार डिवाइडर से टकराई, 5 लोगों की मौत

