भारत में अरबपतियों की सेंचुरी पार, दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुँचा देश
Sandesh Wahak Digital Desk: हुरुन रिसर्च इंस्टीट्यूट की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, भारत में अरबपतियों (Billionaires) का कुनबा लगातार बड़ा हो रहा है। देश में अब अरबपतियों की संख्या बढ़कर 308 हो गई है, जो पिछले साल के मुकाबले 24 अधिक है। इस उछाल के साथ भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति मजबूत करते हुए अमेरिका और चीन के बाद तीसरा स्थान सुरक्षित कर लिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय रईसों की कुल तिजोरी अब 112.6 लाख करोड़ रुपए की हो गई है। यह पिछले साल की तुलना में 10 प्रतिशत की सालाना वृद्धि है। खास बात यह है कि इस लिस्ट में शामिल 199 अमीरों की दौलत में बढ़ोतरी देखी गई, जबकि 109 लोगों की संपत्ति में गिरावट आई या वह स्थिर रही। अमीरों की लिस्ट में अब सिर्फ पुराने और पारंपरिक उद्योगों का बोलबाला नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार-
हेल्थकेयर सेक्टर: इस क्षेत्र ने सबसे ज्यादा 53 नए अरबपति दिए हैं।
इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स: यहाँ से 36 नए नाम जुड़े।
कंज्यूमर गुड्स: इस सेक्टर से 31 रईस सामने आए।
एनर्जी सेक्टर का दबदबा: भले ही ऊर्जा क्षेत्र में केवल 8 अरबपति हैं, लेकिन उनके पास कुल 18.3 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है, जो पूरे भारत के अरबपतियों की दौलत का 16% हिस्सा है।
मुंबई ने न्यूयॉर्क और लंदन को भी छोड़ा पीछे
भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई अभी भी अमीरों की पहली पसंद बनी हुई है। यहाँ कुल 95 अरबपति रहते हैं।
नया रिकॉर्ड: इस साल मुंबई में 15 नए अरबपति जुड़े, जो न्यूयॉर्क (14) और लंदन (9) जैसे वैश्विक शहरों से भी कहीं ज्यादा हैं।
ग्लोबल रैंकिंग: दुनिया भर में न्यूयॉर्क (146 अरबपति) पहले स्थान पर है, जबकि एशिया में चीन का शेन्जेन (133) ‘अरबपतियों की राजधानी’ बनकर उभरा है।
महिला शक्ति और औसत उम्र
महिला अरबपति: भारत की कुल 23 महिला अरबपतियों के पास 9.8 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। रईसों की सूची में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 7% है।
औसत उम्र: भारतीय अरबपतियों की औसत आयु 67 वर्ष है, जो दुनिया के औसत (65 वर्ष) से थोड़ी अधिक है।
Also Read: यूपी समय पर होगा पंचायत चुनाव, मंत्री ओम प्रकाश राजभर बोले- 15 अप्रैल को आएगी अंतिम मतदाता सूची

