भारत ने रचा इतिहास, फ्लोरिडा से लॉन्च हुआ एक्सिओम-4 मिशन, शुभांशु शुक्ला ने भरी उड़ान

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत ने एक बार फिर अंतरिक्ष की दुनिया में इतिहास रच दिया है। भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम-4 मिशन के तहत अमेरिका से अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी है। वह चार दशकों बाद अंतरिक्ष जाने वाले पहले भारतीय बने हैं। इससे पहले 1984 में राकेश शर्मा ने सोवियत मिशन में अंतरिक्ष की यात्रा की थी।

यह लॉन्चिंग बुधवार दोपहर 12:01 बजे (IST) अमेरिका के कैनेडी स्पेस सेंटर, फ्लोरिडा से सफलतापूर्वक हुई। शुभांशु, नासा के अनुभवी अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोज उज़्नान्स्की-विस्नीव्स्की और हंगरी के टिबोर कापू के साथ फाल्कन 9 रॉकेट में सवार होकर अंतरिक्ष की ओर रवाना हुए।

स्पेसएक्स के मिशन का हिस्सा बने शुभांशु

यह मिशन एक्सिओम स्पेस का चौथा वाणिज्यिक अंतरिक्ष मिशन है, जो इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) की ओर भेजा गया है। लॉन्चिंग के दौरान स्पेसएक्स ने अपने प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, Axiom-4 मिशन सफलतापूर्वक लॉन्च हुआ है। सभी सिस्टम सामान्य हैं और मौसम 90% अनुकूल है।

डॉकिंग गुरुवार को, 14 दिन का अंतरिक्ष प्रवास

ड्रैगन कैप्सूल के जरिए अंतरिक्ष यात्री गुरुवार, 26 जून को शाम 4:30 बजे (IST) अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ने वाले हैं। वहां वे लगभग 14 दिन बिताएंगे और कई वैज्ञानिक प्रयोगों को अंजाम देंगे। इस मिशन में शुभांशु पायलट की भूमिका निभा रहे हैं और उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वह अंतरिक्ष में जैव प्रौद्योगिकी विभाग (DBT) और NASA के संयुक्त सहयोग से खाद्य और पोषण विज्ञान से जुड़े अत्याधुनिक प्रयोग करेंगे। यह मिशन कई बार मौसम और तकनीकी दिक्कतों के कारण टला, लेकिन पूरी सुरक्षा जांच और सफल समाधान के बाद आखिरकार उड़ान भरी। भारत, पोलैंड और हंगरी के लिए यह मिशन अंतरिक्ष अभियानों में नई शुरुआत का प्रतीक बन गया है।

Also Read: पवन सिंह के घर में चोरी, राइफल छोड़कर जेवर, कैश और गैजेट उठा ले गए चोर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.