लैंडिंग से पहले इंडिया वन एयर की फ्लाइट क्रैश, पायलट समेत सभी सुरक्षित, अस्पताल में चल रहा इलाज
Sandesh Wahak Digital Desk: ओडिशा के आसमान में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब भुवनेश्वर से राउरकेला आ रहा इंडिया वन एयर का एक 9-सीटर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा राउरकेला हवाई अड्डे से महज 10 से 15 किलोमीटर की दूरी पर हुआ। विमान में 6 यात्रियों के साथ एक पायलट सवार था।
जानकारी के मुताबिक, विमान अपनी मंजिल के बेहद करीब था और पायलट लैंडिंग की तैयारी कर रहा था। तभी अचानक विमान अनियंत्रित होकर जमीन पर आ गिरा। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले और रेस्क्यू टीम में अफरा-तफरी मच गई। फौरन बचाव दल मौके पर रवाना किया गया।
हवाई सफर में विमान क्रैश होने के बाद अक्सर जान-माल का बड़ा नुकसान होता है, लेकिन इस घटना में कुदरत का करिश्मा देखने को मिला। विमान में सवार सभी 7 लोग सुरक्षित हैं। हालांकि, झटके और चोटों के कारण सभी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान तकनीकी खराबी की वजह से गिरा या इसके पीछे मौसम जैसी कोई और वजह थी। भुवनेश्वर से पर्यटन विभाग और नागरिक उड्डयन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच रही हैं। विमान के ब्लैक बॉक्स और पायलट के बयानों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि आखिरी मिनटों में क्या हुआ था। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है ताकि जांच की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।

