पहलगाम आतंकी हमले को लेकर दिल्ली में बड़ी बैठक, आज PM मोदी से मिलेंगे राजनाथ सिंह
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले सप्ताह हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। इस हमले के बाद नियंत्रण रेखा (LoC) पर भी हालात बिगड़ते दिख रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने LoC पर बिना उकसावे के गोलीबारी की, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
घटना के बाद से ही दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इसी को लेकर आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इस उच्चस्तरीय बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
वहीं आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने भी सूचना तंत्र पर सख्ती बढ़ा दी है। गृह मंत्रालय की सिफारिशों पर भारत सरकार ने उन पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया है जो भारत, उसकी सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भड़काऊ, सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील और झूठी सूचनाएं फैला रहे थे। सरकार का कहना है कि इन चैनलों के जरिए जनता को गुमराह करने और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही थी।
इस पूरे घटनाक्रम के चलते जम्मू-कश्मीर समेत पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
Also Read: LoC पर लगातार चौथे दिन पाकिस्तान ने तोड़ा सीजफायर, भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब

