India–South Africa T20 Match: लखनऊ में मैच से पहले ट्रैफिक डायवर्जन लागू, कई रास्ते बंद

17 दिसंबर को इकाना स्टेडियम में मुकाबला, दोपहर 3 बजे से मैच खत्म होने तक ट्रैफिक में बदलाव

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी की राजधानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 17 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा।

मैच के दौरान शहर में भारी ट्रैफिक दबाव की आशंका को देखते हुए लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 3 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने का फैसला किया है, जो मैच समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।

बड़े वाहनों पर विशेष प्रतिबंध

मैच के मद्देनजर बड़े वाहन, बस और कॉमर्शियल गाड़ियों की आवाजाही पर विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने शहीद पथ और इकाना स्टेडियम के आसपास जाम से बचने के लिए व्यापक ट्रैफिक बदलाव किए हैं।

कमता शहीद पथ तिराहे से आने वाला ट्रैफिक शहीद पथ होकर सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और कानपुर रोड की ओर नहीं जा सकेगा।

ऐसे वाहन कमता तिराहा, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, समतामूलक चौराहा, लालबत्ती, करियप्पा, तेलीबाग, बाराबिरवा या इंदिरानगर चौराहा होते हुए किसान पथ से आगे जा सकेंगे।

कबीरपुर तिराहे से किसान पथ की ओर डायवर्जन

शहीद पथ कानपुर रोड तिराहे से आने वाला ट्रैफिक भी सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और अयोध्या रोड की ओर नहीं जा सकेगा।

इन वाहनों को बाराबिरवा, बंगलाबाजार, तेलीबाग, करियप्पा, लालबत्ती, 1090 चौराहा या दरोगाखेड़ा होते हुए किसान पथ की ओर भेजा जाएगा।

सुल्तानपुर रोड से आने-जाने वाले बड़े वाहन और कॉमर्शियल गाड़ियां अहिमामऊ की ओर प्रतिबंधित रहेंगी। इन्हें कबीरपुर तिराहे से किसान पथ होकर जाना होगा।

वहीं, सुल्तानपुर रोड से आने वाला ट्रैफिक अमूल तिराहे से ही डायवर्ट किया जाएगा और लुलु मॉल कटिंग से शहीद पथ पर चढ़ सकेगा।

उतरठिया अंडरपास, रायबरेली रोड और कैंट रोड से आने वाले बड़े वाहन अहिमामऊ चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे।

इन्हें मोहनलालगंज या तेलीबाग, बाराबिरवा, करियप्पा चौराहा और किसान पथ के रास्ते भेजा जाएगा।

1090 चौराहे से भी डायवर्जन

हुसड़िया अंडरपास से आने वाला ट्रैफिक अहिमामऊ और शहीद पथ की ओर नहीं जा सकेगा। यह ट्रैफिक शहर क्षेत्र से होकर 1090 चौराहा होते हुए जाएगा। लालबत्ती चौराहे से बड़े वाहन करियप्पा, तेलीबाग और बंगलाबाजार की ओर मोड़े जाएंगे।

अहिमामऊ अंडरपास और पलासियो की ओर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यहां का ट्रैफिक एचसीएल तिराहा, संस्कृत तिराहा और ओवरहेड गोल चक्कर के रास्ते भेजा जाएगा।

शहीद पथ पर अहिमामऊ चौराहे से यू-टर्न भी दोपहर 2 बजे से मैच खत्म होने तक प्रतिबंधित रहेगा।

2100 वाहनों तक ट्रैफिक दबाव की आशंका

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मैच के कारण शहीद पथ पर 1400 से 2100 वाहनों का अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे शहीद पथ से बचें और निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही उपयोग करें।

इकाना स्टेडियम की पार्किंग में बड़े वाहन केवल अहिमामऊ चौराहे से प्रवेश कर सकेंगे। स्टेडियम आने-जाने के लिए अर्जुनगंज और कैंट मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। भारी वाहनों की नो-एंट्री अब मैच समाप्त होने के बाद लागू होगी।

ट्रैफिक से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।

Also Read: IPL 2026 नीलामी से पहले BCCI का बड़ा अपडेट, शॉर्टलिस्ट में 19 नए खिलाड़ियों की एंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.