भारत को बड़ी राहत: ट्रंप सरकार ने 25% अतिरिक्त टैरिफ हटाया, आज से लागू होगी नई 18% टैरिफ व्यवस्था

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव को कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क (Tariff) को समाप्त कर दिया है। व्हाइट हाउस द्वारा जारी कार्यकारी आदेश के अनुसार, अब भारत के लिए संशोधित 18 प्रतिशत टैरिफ व्यवस्था प्रभावी होगी।

आज सुबह से लागू हुई डेडलाइन

व्हाइट हाउस के आदेशानुसार, यह राहत 7 फरवरी 2026 (भारतीय समयानुसार आज सुबह 10:30 बजे) से लागू हो गई है। यह आदेश उन सभी भारतीय उत्पादों पर लागू होगा जो आज या इसके बाद अमेरिकी बाजार में खपत के लिए पहुंचेंगे या वेयरहाउस से निकाले जाएंगे। अमेरिका की आधिकारिक टैरिफ सूची से उन विशेष कोड और प्रावधानों को हटा दिया गया है, जिनके तहत भारत पर अतिरिक्त ‘एड-वेलोरम ड्यूटी’ लगाई जा रही थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ‘भारत-अमेरिका अंतरिम ट्रेड फ्रेमवर्क’ का स्वागत किया है। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देते हुए कहा यह समझौता दोनों देशों के बीच बढ़ते भरोसे और मज़बूत साझेदारी का प्रतीक है। इससे ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को नई ऊर्जा मिलेगी। भारतीय किसानों, उद्यमियों, MSME, स्टार्टअप्स और मछुआरों के लिए अमेरिकी बाजार में बड़े अवसर खुलेंगे। युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए साधन पैदा होंगे और वैश्विक सप्लाई चेन मज़बूत होगी।

भारतीय निर्यातकों के लिए ‘बूस्टर डोज’

आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से भारतीय मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में मदद मिलेगी। 25% अतिरिक्त शुल्क हटने से भारतीय उत्पाद अमेरिकी बाजार में सस्ते होंगे, जिससे निर्यात में भारी उछाल आने की उम्मीद है।

Also Read: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे: इस दिन से शुरू होगा सफर, 35 मिनट में तय होगी दूरी, जानें कितनी होगी स्पीड लिमिट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.