आतंकवादी इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारत की चेतावनी, पोलैंड को दिखाया सख्त रुख
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली में पोलैंड (Poland) के डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोर्स्की के साथ हुई बैठक के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आतंकवाद को लेकर उनके रुख पर कड़ी आपत्ति जताई। पोलैंड विदेश मंत्री के पाकिस्तान को समर्थन देने वाले बयान पर एस जयशंकर ने दो टूक कहा कि पोलैंड को आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस दिखाना चाहिए। इस बातचीत में रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भी भारत का पक्ष साफ तौर पर रखा गया।
भारत की सख्त चेतावनी
भारत ने रादोस्लाव सिकोर्स्की से साफ कहा कि वह पाकिस्तान में आतंकवादी इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने में किसी भी तरह की मदद न करें। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि हाल ही में न्यूयॉर्क और पेरिस में उन्होंने यूक्रेन संघर्ष और इसके नतीजों पर अपने विचार खुलकर रखे हैं और बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि भारत को चुन-चुनकर निशाना बनाना गलत और अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह बात वह एक बार फिर दोहरा रहे हैं क्योंकि पोलैंड इस क्षेत्र से अनजान नहीं है और सीमा पार आतंकवाद की पुरानी समस्या से भली-भांति परिचित है।
पोलैंड के विदेश मंत्री की प्रतिक्रिया
एस जयशंकर की बातों पर सहमति जताते हुए पोलैंड के विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोर्स्की ने कहा कि वह सीमा पार आतंकवाद का मुकाबला करने की जरूरत पर पूरी तरह सहमत हैं। उन्होंने बताया कि पोलैंड हाल ही में आगजनी और राज्य प्रायोजित आतंकवाद दोनों का शिकार हुआ है जब देश की रेलवे लाइन को उड़ा दिया गया था। हालांकि आतंकवादियों की नाकामी के चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
पोलैंड के विदेश मंत्री ने अक्टूबर 2025 में पाकिस्तान के साथ जारी संयुक्त बयान में कश्मीर का जिक्र किया था। उस बयान में कहा गया था कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर और पोलैंड ने यूक्रेन युद्ध पर अपना पक्ष रखा। भारत ने उस समय इस बयान की निंदा की थी और अब दिल्ली में हुई बैठक के दौरान यह मुद्दा सीधे पोलैंड के विदेश मंत्री के सामने उठाया गया।
टैरिफ मुद्दे पर भारत को समर्थन
वहीं बैठक के दौरान पोलैंड ने टैरिफ को लेकर भारत के रुख का समर्थन किया। विदेश मंत्री एस जयशंकर के उस बयान से रादोस्लाव सिकोर्स्की ने सहमति जताई जिसमें कहा गया था कि अमेरिका खास देशों को टैरिफ के जरिए टारगेट कर रहा है। पोलैंड के विदेश मंत्री ने कहा कि टैरिफ के जरिए चुनिंदा देशों को निशाना बनाए जाने से वैश्विक व्यापार में उथल-पुथल का खतरा पैदा हो रहा है।
साथ ही पोलैंड के उप प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यूरोप को उम्मीद है कि भारत इस क्षेत्र के साथ अपना जुड़ाव बनाए रखेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यूरोप में भारत द्वारा लगातार नए दूतावास खोले जाना इस बात का संकेत है कि भारत यूरोपीय संघ के साथ संबंधों को लेकर गंभीर है।
Also Read: मुंबई मैराथन में लखनऊ का परचम, हरपाल सिंह ऐबट ने चौथी बार पूरी की ऐतिहासिक दौड़, कायम की मिसाल

