मुसलमान शिक्षित और मजबूत हों, तभी बनेगा विकसित भारत: असदुद्दीन ओवैसी
Sandesh Wahak Digital Desk: संसद में बजट पर चर्चा के दौरान AIMIM चीफ और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने सरकार पर मुसलमानों से नफरत करने का आरोप लगाया। ओवैसी ने कहा कि सरकार विकसित भारत बनाने की बात करती है, लेकिन विकसित भारत तभी बन सकता है जब मुसलमान शैक्षणिक और अन्य क्षेत्रों में मजबूत होंगे।
मुस्लिम छात्रों के रजिस्ट्रेशन में गिरावट का मुद्दा
ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने हायर एजुकेशन संस्थानों में मुस्लिम बच्चों के रजिस्ट्रेशन में आई कमी को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षण संस्थानों तक मुस्लिम बच्चों की संख्या में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम बच्चों के पढ़ाई छोड़ने की दर भी ज्यादा है और यह सब अचानक नहीं हो रहा बल्कि इसके पीछे सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने पिछले पांच साल से अल्पसंख्यकों के लिए तीन छात्रवृत्ति योजनाओं को मंजूरी नहीं दी है।
अल्पसंख्यक मंत्रालय के लिए 10 हजार करोड़ की मांग
ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने कहा कि सरकार 2047 तक विकसित भारत बनाने की बात करती है और बजट में बड़े दावे किए गए हैं, लेकिन मुसलमानों को साथ लिए बिना यह संभव नहीं है। उन्होंने बजट में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय का आवंटन बढ़ाकर 10 हजार करोड़ रुपये करने की मांग की।
अग्निपथ योजना और चीन मुद्दे पर भी उठाई आवाज
ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने अग्निपथ योजना की समीक्षा की मांग की और चीन से जुड़े मुद्दों पर सदन में चर्चा कराने की भी मांग रखी। उन्होंने आतंकवादी हाफिज सईद, मसूद अजहर और जाकिउर रहमान लखवी का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को ऑपरेशन इंसाफ चलाना चाहिए और पाकिस्तान में घुसकर इन आतंकवादियों को पकड़कर लाना चाहिए।
Also Read: कानपुर में केडीए का ‘बुलडोजर एक्शन’, अहिरवा में 30 बीघे की अवैध प्लाटिंग जमींदोज

