भारत करेगा Chess World Cup 2025 की मेजबानी, 206 खिलाड़ी होंगे शामिल
Sandesh Wahak Digital Desk: शतरंज प्रेमियों के लिए बड़ी खबर! दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित शतरंज टूर्नामेंट, FIDE Chess World Cup 2025 की मेजबानी भारत करने जा रहा है।
यह टूर्नामेंट 30 अक्टूबर से 27 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) ने सोमवार, 21 जुलाई को इस बात की घोषणा की।
हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि भारत का कौन-सा शहर इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी।

टूर्नामेंट में दुनियाभर के 206 शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें विश्व नंबर-1 मैग्नस कार्लसन का नाम भी संभावित भागीदारों में शामिल है।
23 साल बाद भारत को फिर मिली मेजबानी
भारत को 23 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद फिर से Chess World Cup की मेजबानी का अवसर मिला है। पिछली बार 2002 में भारत ने इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी, जब महान भारतीय ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद ने खिताब अपने नाम किया था।
हाल के वर्षों में भारत ने कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शतरंज आयोजनों की सफल मेजबानी की है और अब वह वैश्विक शतरंज परिदृश्य में एक महाशक्ति बनकर उभर रहा है।
कौन-कौन लेंगे हिस्सा?
इस बार टूर्नामेंट में कुल 206 खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें कई दिग्गज शामिल होंगे:
-
वर्ल्ड नंबर-1 मैग्नस कार्लसन (नॉर्वे)
-
मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश (भारत)
-
भारत के युवा ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानानंद और अर्जुन एरिगेसी
यह टूर्नामेंट नॉकआउट फॉर्मेट में खेला जाएगा। शीर्ष 50 खिलाड़ियों को सीधे दूसरे राउंड में एंट्री मिलेगी, जबकि बाकी 156 खिलाड़ी पहले राउंड में उतरेंगे।
कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए मौका
Chess World Cup 2025 के शीर्ष तीन खिलाड़ी सीधे 2026 के कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई करेंगे। कैंडिडेट्स टूर्नामेंट यह तय करता है कि अगला खिलाड़ी कौन होगा जो मौजूदा विश्व चैंपियन को चुनौती देगा।
FIDE के CEO का बयान
FIDE के CEO ने कहा,
“हम भारत में FIDE विश्व कप 2025 लाने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। भारत एक ऐसा देश है जिसकी शतरंज में गहरी जड़ें हैं और जहां जुनून व समर्थन की कोई कमी नहीं है।
हमें उम्मीद है कि यह टूर्नामेंट स्थानीय फैंस के साथ-साथ ऑनलाइन दर्शकों में भी बड़ी रुचि पैदा करेगा।”

